अजमेर

अजमेर से राहुल गांधी का बड़ा संदेश, गोविंद सिंह डोटासरा-टीकाराम जूली की जोड़ी से सीखें दूसरे राज्य

Rajasthan Congress: राहुल गांधी ने अजमेर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के दौरान गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली के तालमेल की सराहना की। उन्होंने राजस्थान कांग्रेस को दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण बताया।
2 min read
Jun 01, 2026
Rahul Gandhi in Pushkar
एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का स्वागत करते हुए। फोटो- पत्रिका

अजमेर। प्रदेश कांग्रेस स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ा संदेश दिया। उन्होंने किशनगढ़ एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीच अच्छा तालमेल है। दूसरे राज्यों को इनके कामकाज से सीख लेनी चाहिए। एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट से मुलाकात के बाद राहुल ने कहा कि राजस्थान में डोटासरा-जूली में अच्छा तालमेल है। यहां अच्छा कामकाज हो रहा है, तो यह दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण बनना चाहिए।

यह वीडियो भी देखें

उन्होंने संगठन सृजन अभियान के दौरान सभी जिलाध्यक्षों को भी कहा कि राजस्थान की मिसाल सीखने योग्य है। ऐसी मजबूती से ही कांग्रेस दृढ़ता से डबल इंजन सरकार से डटकर मुकाबला कर सकती है। अधिकृत सूत्रों के अनुसार राहुल ने साफ संदेश दिया कि जो जिलाध्यक्ष बेहतर कामकाज करेगा वो तरक्की करेगा। संगठन को बांधे रखने और उसे जमीन तक मजबूत बनाने की अहम जिम्मेदारी जिलाध्यक्षों की है। जिलाध्यक्ष लगन और मजबूती से कामकाज करेंगे तो कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा।

एकजुटता पर विशेष जोर दिया

उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो निरंतर मेहनत करते हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि क्रिकेटर विराट कोहली ने वर्षों की मेहनत और अनुशासन से अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि राजनीति में भी इसी प्रकार समर्पण और संघर्ष की जरूरत होती है। राहुल गांधी ने संगठन के भीतर एकजुटता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी और आपसी खींचतान को सबसे बड़ी कमजोरी बताते हुए कहा कि यदि सभी नेता और कार्यकर्ता एक दिशा में काम करें तो कांग्रेस को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने मंच पर कुछ जिला अध्यक्षों को बुलाकर प्रतीकात्मक रूप से समझाया कि एक पद या जिम्मेदारी को लेकर प्रतिस्पर्धा के बजाय संगठन को प्राथमिकता देना अधिक महत्वपूर्ण है।

इन नेताओं से मिले राहुल

कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, बायतू विधायक हरीश चौधरी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, दिव्या मदेरणा, दानिश अबरार, पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, काजी निजामुद्दीन। प्रशिक्षण शिविर में शामिल जिला अध्यक्षों के परिवारों से भी राहुल गांधी ने मुलाकात की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी के साथ फोटो सेशन में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देगा।

बता दें कि पुष्कर में आयोजित चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को विशेष चार्टर विमान से किशनगढ़ पहुंचे थे। राहुल सुबह करीब 10 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से पुष्कर के लिए रवाना हुए। पुष्कर में चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने के दौरान उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया। शिविर के समापन के बाद वे शाम को पुनः सड़क मार्ग से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे करीब 6 बजे विशेष चार्टर विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Updated on:
01 Jun 2026 08:31 pm
Published on:
01 Jun 2026 07:01 pm