अजमेर

Rajasthan Farmers: चने ने भर दी किसानों की झोली, खाते में आए 411.20 करोड़ रुपए

Mandi News: राजस्थान सरकार की ओर से MSP पर की गई खरीद ने भी किसानों को बड़ा आर्थिक संबल दिया है। 25 मार्च से 22 जून तक अजमेर संभाग के 5 जिलों में किसानों से करीब 7 लाख क्विंटल चना खरीदा गया।
2 min read
Jul 08, 2026
MSP Gram Procurement
मंडी में आया चना. Photo- Patrika

Mandi News: अजमेर. रबी सीजन में चने की बंपर पैदावार ने इस बार किसानों की झोली भर दी। सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की गई खरीद ने भी किसानों को बड़ा आर्थिक संबल दिया है। 25 मार्च से 22 जून तक अजमेर संभाग के पांच जिलों में 29,558 किसानों से करीब सात लाख क्विंटल चना खरीदा गया। इसकी एवज में किसानों के खातों में 411 करोड़ 20 लाख रुपए से अधिक की राशि पहुंची। इनमें सर्वाधिक खरीद और भुगतान अजमेर जिले में दर्ज किया गया। आंकड़ों पर नजर डालें तो अजमेर जिला खरीद और भुगतान, दोनों मामलों में सबसे आगे रहा, जबकि डीडवाना-कुचामन सबसे पीछे रहा।

एमएसपी पर चना खरीद में अजमेर अव्वल

अजमेर जिले में सबसे अधिक 11,920 किसानों से 2,55,478.80 क्विंटल चना खरीदा गया। इसके बदले किसानों को 150 करोड़ 9 लाख 4 हजार 404 रुपए का भुगतान किया गया। यह अजमेर संभाग की कुल खरीद का करीब 36 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट है कि जिले में चना उत्पादन और सरकारी खरीद दोनों का दायरा सबसे बड़ा रहा।

नागौर जिले में 9,157 किसानों ने समर्थन मूल्य पर उपज बेची। किसानों की संख्या के लिहाज से यह संभाग का दूसरा सबसे बड़ा जिला रहा, हालांकि औसत उपज अपेक्षाकृत कम रहने से यहां कुल 2,55,510 क्विंटल चना खरीदा गया। भुगतान के रूप में किसानों को 150 करोड़ 11 लाख 25 हजार 838 रुपए मिले। खरीद मात्रा के मामले में नागौर और अजमेर लगभग बराबरी पर रहे, जबकि भुगतान में नागौर मामूली बढ़त पर रहा।

भीलवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा

भीलवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा। यहां 4,625 किसानों से 88,217.50 क्विंटल चना खरीदा गया और 51 करोड़ 89 लाख 78 हजार 813 रुपए का भुगतान किया गया। हालांकि किसानों की संख्या ब्यावर से अधिक रही, जिससे जिले में खरीद केंद्रों पर बेहतर भागीदारी देखने को मिली।

ब्यावर चौथे स्थान पर रहा, जहां 2,859 किसानों से 73,767 क्विंटल चने की खरीद की गई। किसानों को इसके बदले 43 करोड़ 33 लाख 82 हजार 617 रुपए का भुगतान किया गया। सबसे कम खरीद डीडवाना-कुचामन जिले में दर्ज की गई। यहां केवल 997 किसानों से 26,944.50 क्विंटल चने की खरीद हुई तथा 15 करोड़ 82 लाख 99 हजार 123 रुपए का भुगतान किया गया। यह संभाग की कुल खरीद का लगभग चार प्रतिशत ही है।

नंबर गेम: अजमेर संभाग की स्थिति

  • 41,358 : पंजीकृत किसान
  • 29,558 : लाभान्वित किसान
  • 6,99,918.30 क्विंटल : चना खरीद
  • 411.20 करोड़ : किसानों को कुल भुगतान
  • 5875 : रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित था भाव
  • 25 मार्च से 22 जून तक हुई खरीद
  • 3,24,901 हेक्टेयर में हुई थी रबी की बुवाई
  • 1,61,997 हेक्टेयर क्षेत्र में थी चने की फसल
Updated on:
08 Jul 2026 04:08 pm
Published on:
08 Jul 2026 04:08 pm