8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पांचना बांध विवाद: नहीं थमा किसानों का आंदोलन, पानी की मात्रा बढ़ाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, रोडवेज बसों का संचालन बंद

करौली जिले में पांचना बांध से जल निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तक पूरी तरह शांत नहीं हो सका है। कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी पहुंचने के बावजूद किसानों ने आंदोलन और जाम जारी रखा हुआ है। हिण्डौन, गंगापुर सिटी और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर किसान सड़क पर डटे हुए है।
2 min read
Google source verification
Panchna Dam

गंगापुर सिटी क्षेत्र के वजीरपुर उपखंड में मुख्य मार्ग पर लगाया जाम

Rajasthan Panchna Dam: करौली। करौली जिले में पांचना बांध से जल निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तक पूरी तरह शांत नहीं हो सका है। कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी पहुंचने के बावजूद किसानों ने आंदोलन और जाम जारी रखा हुआ है। हिण्डौन, गंगापुर सिटी और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर किसान सड़क पर डटे हुए है, जिससे आमजन और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन दिनभर किसानों से बातचीत कर गतिरोध समाप्त कराने के प्रयास करता रहा, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

लगातार जारी जाम के कारण हिण्डौन-करौली और हिण्डौन-गंगापुर सिटी मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। देर शाम तक कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय लोगों और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ।

रोडवेज ने बसों का संचालन किया बंद

सड़क मार्ग बाधित होने के चलते राजस्थान रोडवेज ने हिण्डौन-करौली और हिण्डौन-गंगापुर सिटी मार्ग पर बसों का संचालन बंद कर दिया। बस सेवा ठप होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों को निजी वाहनों या दूसरे मार्गों से सफर करना पड़ा। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि मार्ग खुलने के बाद ही नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।

नहरों में पहुंचा पानी, फिर भी किसानों में नाराजगी

मंगलवार देर शाम तक पांचना बांध का पानी कमांड क्षेत्र की नहरों के जरिए बांदी गांव तक पहुंच गया। इसके बावजूद किसानों का कहना है कि नहर में पानी का दबाव पर्याप्त नहीं है, जिससे अंतिम छोर तक सिंचाई नहीं हो पाएगी। किसानों की मांग है कि पानी का प्रवाह बढ़ाया जाए ताकि सभी गांवों और खेतों तक बराबर मात्रा में पानी पहुंच सके।

जल पूजन कार्यक्रम टला, मंत्री और अधिकारी लौटे

कुसमाय गांव में पानी पहुंचने पर जल पूजन कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के समय पर नहीं पहुंचने के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका। मंत्री बाद में गंगापुर सिटी पहुंचे, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद लौट गए। वहीं जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी ग्रामीणों से बातचीत के लिए पहुंचे, लेकिन विरोध के चलते उन्हें भी वापस लौटना पड़ा।

प्रशासन की फिर पहल, आज भी वार्ता पर नजर

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा पहले ही ग्रामीणों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। आज फिर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से किसानों से वार्ता की कोशिशें की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि बातचीत के जरिए जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।