
Photo- AI
Karauli Crocodile Attack : मंडरायल (करौली)। मण्डारायल उपखंड क्षेत्र के करणपुर इलाके में चंबल नदी के घूंसई घाट पर रविवार दोपहर एक मगरमच्छ ने चरवाहे पर हमला कर दिया। करीब 15 मिनट तक चले संघर्ष के बाद साथी ने साहस का परिचय देते हुए मगरमच्छ से भिडकऱ घायल को उसके चंगुल से छुड़ाया। हमले में चरवाहे का दाहिना हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जानकारी के अनुसार घूंसई गांव निवासी पूरन मीना पुत्र रामफूल मीना रविवार दोपहर करीब एक बजे अपनी बकरियों को जंगल में चराने के बाद चंबल नदी पर पानी पिलाने ले गया था। बकरियों को पानी पिलाने के बाद वह स्वयं पीने के लिए बोतल में पानी भर रहा था। इसी दौरान नदी में पहले से घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक हमला कर उसके दाहिने हाथ को जबड़ों में दबोच लिया और उसे गहरे पानी की ओर खींचने लगा।
घटना को पास में मौजूद उसके साथी प्यारेलाल मीना ने देख लिया। उसने शोर मचाने के साथ बिना अपनी जान की परवाह किए मगरमच्छ पर लगातार वार किए। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद मगरमच्छ ने पूरन को छोड़ा, जिसके बाद प्यारेलाल ने उसे बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ और पूरन के बीच करीब 15 मिनट तक संघर्ष चलता रहा। इस दौरान मगरमच्छ ने उसका दाहिना हाथ बुरी तरह चबा डाला।
गंभीर रूप से घायल पूरन मीना को तत्काल करणपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामराज मीणा ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला सामान्य चिकित्सालय, करौली के लिए रेफर कर दिया।
गौरतलब है कि 9 जून 2026 को कोटा के खातौली गांव में पार्वती नदी में नहाने गए एक 11 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया था। गनीमत रही कि बालक समय रहते उसके चंगुल से बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दाएं पैर में गहरा जख्म हो गया था।
कोटा के खातौली थाना क्षेत्र की बागली ग्राम पंचायत के घटोद गांव में 29 अप्रेल 2026 को 45 वर्षीय व्यक्ति को एक मगरमच्छ जबड़ों में दबाकर चंबल नदी में खींचकर ले गया था। जिसका शव चार घंटे बाद घटना स्थल से कुछ दूरी पर मिला था।
20 मई को धौलपुर शहर से चम्बल नदी के लगे राजघाट गांव में मवेशियों को पानी पिलाने गई 14 वर्षीय बालिका भारती को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
Updated on:
05 Jul 2026 08:56 pm
Published on:
05 Jul 2026 08:56 pm
