4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

करौली जेल में बंद विचाराधीन कैदी कलुआ गुर्जर की मौत, 27 साल पुराने मामले में हुआ था गिरफ्तार, हार्ट अटैक की आशंका

Karauli News: करौली जिला कारागृह में बंद विचाराधीन कैदी कलुआ गुर्जर की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है।
2 min read
Google source verification

करौली

image

Arvind Rao

Jul 02, 2026

Karauli Jail Undertrial Kalu Gurjar Dies

पोस्टमॉर्टम के दौरान मौजूद पुलिस (पत्रिका फोटो)

Karauli Jail Undertrial Kalu Gurjar Dies: राजस्थान के करौली जिला कारागृह में बंद एक विचाराधीन बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक बंदी की पहचान धौलपुर जिले के कालीतीर (सोने का गुर्जा) निवासी कलुआ गुर्जर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

27 साल पुराने मामले में बंद था कैदी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कलुआ गुर्जर मासलपुर थाने में दर्ज वर्ष 1997 के एक मामले में विचाराधीन कैदी था। उस पर लूट और राजकार्य में बाधा डालने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने उसे इसी वर्ष 20 फरवरी को गिरफ्तार कर जिला कारागृह भेजा था।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

जेल प्रशासन के मुताबिक, बुधवार शाम को बैरक में कलुआ गुर्जर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल चिकित्सक ने तुरंत उसकी प्रारंभिक जांच की और स्थिति गंभीर होने पर उसे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल के आईसीयू में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक (दिल का दौरा) आने की आशंका जताई है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

अस्पताल छावनी में तब्दील, भारी पुलिस बल तैनात

बंदी की मौत की खबर मिलते ही करौली डीएसपी अनुज शुभम, कोतवाली थाना अधिकारी नोबेल कुमार सैनी और मासलपुर थाना अधिकारी परमजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। किसी भी प्रकार के आक्रोश या कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए।

परिजनों ने जताया आश्चर्य

सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। मृतक के भतीजे भूपेंद्र ने बताया कि तीन-चार दिन पहले ही परिवार के कुछ लोग जेल में कलुआ से मिलने आए थे, उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था। भूपेंद्र ने यह भी बताया कि कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर उनका रिश्तेदार था। फिलहाल, पुलिस मामले की न्यायिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

बड़ी खबरें

View All

करौली

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग