अजमेर

लीड….125 करोड़ की लागत से बदलेगा चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन का स्वरूप

Jul 24, 2026
Rajasthan

चौथकाबरवाड़ा. कस्बे में रेलवे स्टेशन पर करीब 125 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। स्थानीय विधायक की अनुशंसा पर केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत इन कार्यों से रेलवे स्टेशन की आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा यात्रियों, विशेषकर चौथ माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
विकास कार्यों के तहत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की लंबाई 420 मीटर से बढ़ाकर 587 मीटर कर दी गई है। इससे लंबी ट्रेनों के रुकने पर यात्रियों को चढ़ने-उतरने में होने वाली परेशानी काफी हद तक दूर होगी। निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए विधायक ने रेलवे अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन क्षेत्र में चार अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इनके निर्माण से बार-बार रेलवे फाटक बंद होने की समस्या कम होगी और स्थानीय लोगों का आवागमन अधिक सुगम बनेगा। इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या दो का निर्माण, टिकट विंडो का विस्तार, नए प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय तथा शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज (पैदल पुल) का निर्माण भी प्रगति पर है।
चौथ माता मंदिर में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बढ़ते यात्री भार के बावजूद अब तक रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त सुविधाओं का अभाव था। विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Updated on:
24 Jul 2026 06:01 am
Published on:
24 Jul 2026 06:01 am