अजमेर

लीड…युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल, ग्राम पंचायतों में बनेंगे माय भारत क्लब

Jul 24, 2026
Rajasthan

सवाईमाधोपुर. जिले में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में 30 जुलाई तक ‘माय भारत क्लब’ गठित किए जाएंगे। जिला कलक्टर काना राम ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकतम युवाओं का भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत (माय भारत)’ पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने माय भारत पोर्टल, माय भारत यूथ क्लब, विकसित भारत युवा नेता संवाद कार्यक्रम तथा नशामुक्त युवा विकसित भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर क्लब गठन की प्रक्रिया 30 जुलाई तक तथा नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं का पंजीयन 27 जुलाई तक पूरा किया जाए।
राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए
उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा नेता संवाद कार्यक्रम के तहत प्रश्नोत्तरी, निबंध, वाद-विवाद, भाषण, पेंटिंग, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, लोकनृत्य, नारा लेखन और लघु फिल्म निर्माण जैसी गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसके लिए कार्ययोजना और गतिविधियों का कैलेंडर तैयार कर नियमित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
11 हजार से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन
जिला युवा अधिकारी हर्षित खण्डेलवाल ने बताया कि एक जुलाई से चल रहे विशेष अभियान के दौरान 11 हजार से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन हुआ है। इसके साथ ही सवाई माधोपुर इस अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जिले में अब तक 58 हजार से अधिक युवा पोर्टल से जुड़ चुके हैं। बैठक में ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर क्लब गठन और पोर्टल पर पंजीयन की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

Updated on:
24 Jul 2026 06:01 am
Published on:
24 Jul 2026 06:01 am