पूर्व सांसद धनंजय सिंह की सात साल की सजा के खिलाफ याचिका पर बृहस्पतिवार को एक घंटे 52 मिनट तक चली बहस के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित कर लिया है।
जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह को एक मामले में जौनपुर एमपी एमएलए कोर्ट से सात साल की सजा सुनाई गई थी। सजा के खिलाफ धनंजय सिंह द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सजा पर रोक लगाने की गुहार लगाई गई थी। मामले में पहले भी दो बार सुनवाई हो चुकी थी। बृहस्पतिवार को फिर सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य सरकार के वकील ने कोर्ट में पक्ष रखा। एक घंटे 52 मिनट तक चली बहस के बाद जस्टिस संजय कुमार सिंह ने फैसला सुरक्षित रख लिया। मामले में कल फैसला सुनाया जा सकता है।
सजा पर रोक नहीं लगी तो चुनाव नहीं लड़ पाएंगे धनंजय सिंह
जौनपुर की एमपी एमएलए कोर्ट द्वारा धनंजय सिंह को सात साल की सजा सुनाई गई थी। जिसके बाद उनका लोकसभा चुनाव लड़ना मुमकिन नहीं था। जिसके बाद पूर्व सांसद ने जौनपुर के स्पेशल कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी । यदि उच्च न्यायालय ने सजा पर रोक लगाई तो ही धनंजय लोकसभा चुनाव लड़ पाएंगे। हालांकि इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है, और अब फैसले का इंतजार है।