
अलवर। अलवर के प्रतिष्ठित उद्योगपति विजय डाटा के परिवार में चल रहा पारिवारिक विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। पति सौरभ डाटा की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद अब उनकी पत्नी शिखा डाटा पहली बार मीडिया के सामने आई और कई राज खोले। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर शिखा ने कहा कि मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। मैं अपने ही घर में रहना चाहती हूं। मेरी शादी को 16 वर्ष हो चुके हैं। कोई व्यक्ति अपने ही घर में घुसपैठ कैसे कर सकता है? मुझ पर और मेरी घरेलू सहायक पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। मेरे तथा मेरी बेटी के साथ गलत व्यवहार किया गया। पुलिस निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाए।
शिखा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि मैं सौरभ की धर्म पत्नी हूं और हमारी शादी को 19 जुलाई को 16 साल हो जाएंगे। हमारे सात साल की बेटी है। दो दिन पहले ही मैं अलवर आई हूं। इससे पहले 4 जून को भी आई थी। वैसे मैं 11 साल तक अलवर में ही रही हूं। लेकिन, जब बेटी 2 साल की थी तो पति ने गुड़गांव शिफ्ट होने का फैसला लिया। इसके बाद मैं अपनी बेटी के साथ गुड़गांव में रहने लगी। पति सौरभ सप्ताह में तीन-चार दिन गुड़गांव और तीन-चार दिन अलवर में रहते थे।
शिखा ने आगे बताया कि 4 जून को वो अपनी बेटी के साथ अलवर आई थी। लेकिन, सास-ससुर ने घर के अंदर नहीं घुसने दिया। पति के कहने पर भी सास-ससुर नहीं माने। इसके बाद एसआई हितेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन, उन्होंने मेरे साथ अभद्रता करते हुए डराया और धमकाया। इसके बाद हम वापस गुड़गांव आ गए। कुछ दिन पहले ही पता चला कि ससुर ने मेरे खिलाफ पुलिस में शिकायत दी और मुझे पाबंद करने की कोशिश की गई।
सौरभ की पत्नी शिखा डाटा का कहना है कि मैं दो दिन से अलवर में हूं। मुझे और मेरी नौकरानी को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। मंगलवार रात को मेरे कमरे की लाइट बंद कर दी और रसोई गैस का कनेक्शन भी काट दिया। पुलिस 2 दिन से घर आ रही है, जिनको भी मौखिक शिकायत दी। बाद में आईजी और एसपी को शिकायत दी है। मेरे और पति सौरभ के बीच छोटी-मोटी बात का झगड़ा है, जैसे पति-पत्नी के बीच रहता है। अब यह सब क्यों हो रहा है, मुझे पता नहीं है।
बता दें कि इससे पहले सौरभ डाटा ने पत्नी शिखा डाटा के खिलाफ कोतवाली थाने में जबरन घर में घुसने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया था। वहीं, शिखा ने आईजी राहुल प्रकाश और अलवर एसपी सुधीर चौधरी को खुद के घर में आने-जाने से रोकने की शिकायत दी। मामले को लेकर अलवर कोतवाली थाना के थानाधिकारी दिनेश चंद ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।