
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। नौगांवा थाना क्षेत्र के नाहरपुर खुर्द गांव में 16 वर्षीय किशोर विजय की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। विजय अपनी छोटी बहन को स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। घटना के समय परिवार मजदूरी के लिए दूसरे जिले जा रहा था, लेकिन बेटे की मौत की सूचना मिलते ही उन्हें बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, विजय अपनी छोटी बहन को नौगांवा के राजकीय विद्यालय छोड़कर घर लौट रहा था। बहरीपुर रोड पर सामने से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल किशोर को नौगांवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही विजय ने दम तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। नौगांवा पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की पहचान और ट्रैक्टर का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। देर शाम तक परिजनों की ओर से इस संबंध में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
विजय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है, जिसे वह रोज की तरह स्कूल छोड़ने गया था। परिजनों ने बताया कि परिवार मजदूरी के लिए श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान रास्ते में उन्हें विजय के सड़क हादसे में घायल होने और बाद में मौत की सूचना मिली। यह खबर मिलते ही पूरा परिवार यात्रा बीच में छोड़कर तुरंत नौगांवा लौट आया।
किशोर की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि विजय शांत स्वभाव का और परिवार का सहारा था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।