
घटनास्थल पर पुलिस (फोटो - पत्रिका)
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना इलाके के बबेरा गांव में गुरुवार सुबह जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक ही परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते यह लाठी-भाटा जंग खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद में दूसरे पक्ष के युवकों ने अपने सगे ताऊ पर बेरहमी से ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग संतराम गुर्जर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कोटपूतली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा।
डीएसपी मनीषा मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 8 बजे बबेरा गांव में लीलाराम, भगोता और मोतीलाल के परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इन परिवारों के बीच सालों से जमीन का केस चल रहा था। सुबह जब दोनों पक्ष आमने-सामने हुए, तो पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर एक बार तो मामला शांत करवा दिया और दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। लेकिन ग्रामीणों के जाते ही दोनों पक्ष कुछ देर बाद फिर से लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने हो गए।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि भगोता के बेटे हवासिंह और मोतीलाल के बेटे मुकेश ने तैश में आकर अपने विरोधियों पर ट्रैक्टर दौड़ा दिया। उन्होंने ट्रैक्टर से संतराम, रघुवीर और सुभाष गुर्जर को बेरहमी से कुचल दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत बानसूर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संतराम गुर्जर को मृत घोषित कर दिया।
बानसूर थाना पुलिस ने इस खूनी वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को मौके से जब्त कर लिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। बुजुर्ग की मौत से परिवारजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
16 Jul 2026 03:35 pm
Published on:
16 Jul 2026 03:35 pm
