16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Churu News: छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की मौत, सोते समय हुआ हादसा, क्षेत्र में शोक की लहर

राजस्थान के चूरू जिले में छुट्टी पर घर लौटे भारतीय सेना के जवान के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। महज दो दिन पहले ड्यूटी से गांव पहुंचे 40 वर्षीय सत्यवीर सिंह रात में छत पर सो रहे थे, तभी पैर फिसलने से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
2 min read
Google source verification

चूरू

image

Kamal Mishra

Jul 16, 2026

Churu Army Jawan Death

Churu Army Jawan Death : मृतक सत्यवीर सिंह (फाइल फोटो-पत्रिका) 

चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। तारानगर थाना क्षेत्र के मिखाला चंगोई गांव निवासी 40 वर्षीय सत्यवीर सिंह दो दिन पहले ही ड्यूटी से अवकाश लेकर अपने घर पहुंचे थे। बुधवार देर रात घर की छत पर सोते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

तारानगर थाना पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। सत्यवीर सिंह रोज की तरह घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वे सीधे नीचे आ गिरे। हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल जवान को तत्काल तारानगर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चूरू के राजकीय भरतिया (डीबी) अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा

परिजन देर रात उन्हें चूरू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद सत्यवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

14 जुलाई को आए थे घर

तारानगर थाना के एएसआई राजू सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा जले सिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, सत्यवीर सिंह भारतीय सेना में कार्यरत थे और 14 जुलाई को ही छुट्टी लेकर अपने गांव लौटे थे। घर आने के महज दो दिन बाद ही यह हादसा हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

यह वीडियो भी देखें :

पिता करते हैं खेती का काम

बताया गया कि सत्यवीर सिंह अपने पीछे माता-पिता, एक बड़े भाई और एक बड़ी बहन को छोड़ गए हैं। उनके पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जवान की असामयिक मौत की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिचितों ने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुख जताया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मर्ग दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। छुट्टी पर घर लौटे जवान की इस दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।