
तारानगर. कस्बे के प्राचीन शीतलनाथ जैन मंदिर से जैन तीर्थंकरों की अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां चुराने वाली अंतर्राज्यीय गैंग पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने न केवल 72 घंटे मामले का खुलासा किया बल्कि दिल्ली&मथुरा के तीन चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त की गई एसयूवी को भी जब्त कर लिया है। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने तारानगर थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए मामले का खुलासा किया।
29 को दर्ज हुई रिपोर्ट
तारानगर के मनोज कुमार चौरड़िया ने 29 जून को थाने में रिपोर्ट दी कि 28 जून की रात अज्ञात चोरों ने कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित 1200 वर्ष पुराने शीतल नाथ जैन मंदिर (1200 year old Sheetal Nath Jain Temple) से जैन तीर्थंकरों की अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां चोरी कर ले गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुमेर सिंह मीणा को सौंपी।
जिला पुलिस अधीक्षक ने गठित की टीम
जैन समाज के गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र से जुड़े मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने टीम गठित की। थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई व एएसआई सुमेर सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय आसूचना से वारदात में प्रयुक्त यूपी नंबर की एसयूवी को चिन्हित किया। मथुरा आरटीओ से गाड़ी मालिक का पता लगाकर तीनों आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने मथुरा-कोसी उत्तरप्रदेश में दबिश देकर तीनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर तलाश कर आरोपित इसराइल पुत्र इस्माइल भटियारा निवासी सराय शाही कस्बा छाता जिला मथुरा उत्तर प्रदेश हाल सराय शाही कोशी कलां, विनोद शर्मा पुत्र शिवनारायण शर्मा निवासी महोली रोड़ जनकपुरी मथुरा हाल मथुरा व नित्यानन्द बासनी पुत्र ओमपाल बासनी, निवासी विजय मौजपुर उतर पूर्व दिल्ली को दस्तयाब किया। पूछताछ में जुर्म प्रमाणित होने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
रेकी कर करते थे चोरी
मुख्य आरोपी नित्यानंद बासनी (76) खुद को कैंसर पीड़ित बताकर धार्मिक व्यक्ति होने का बहाना बनाता था। वह साथी इसराइल के साथ बड़े मंदिरों में पूजा के समय व मंदिर खुलने-बंद होने के समय मौजूद रहकर बेशकीमती मूर्तियों की रेकी करता था। बाद में अपनी टीम को सूचना देकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपित नित्यानन्द चोरी करने से पहले तारानगर जैन मंदिर में भी आया था और यंहा मंदिर में रखी बेशकीमती अष्टधातु की मूर्तियां देखकर उन्हें चोरी करने की योजना बनाई। चोरी करने से पहले नित्यानन्द व उनके साथियों ने मंदिर की रेकी की।
चार दिन की पीसी रिमांड
गिरफ्तार आरोपियों को तारानगर एसीजेएम न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पीसी रिमांड (PC Remand) लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की वारदात में शामिल अन्य लोगों, उनके गिरोह व चुराई गई मूर्तियों व अन्य चोरियों आदि के बारे में पूछताछ करेगी। चोरी गई अष्टधातु मूर्तियों की बरामदगी के लिए गहन अनुसंधान जारी है। वांछित शेष आरोपियों की तलाश के लिए हैड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम रवाना की गई है। चोरी की वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी बिश्नोई, एएसआई सुमेर सिंह मीणा, हैड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल राजू नायक, मनोज कुमार, विकास कुमार पटीर, अमित कुमार आदि की विशेष भूमिका रही।
जैन समाज ने किया सम्मान
चोरी कर वारदात का जल्द खुलासा करने पर तारानगर के जैन समाज, व्यापार मंडल और नगर के प्रमुखजनों ने पुलिस थाने व जैन मंदिर में एसपी निश्चय प्रसाद एम, एएसपी रिछपाल सिंह, डीएसपी रोहित सांखला, सीआई, एएसआई सहित पुलिस टीम का स्वागत व सम्मान किया।
Published on:
03 Jul 2026 12:07 pm
