
सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार। फोटो पत्रिका
Churu Road Accident: चूरू। चूरू-सादुलपुर मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मुंदी बड़ी बस स्टैंड के पास एसयूवी और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही थाना अधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तथा मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए। पुलिस के अनुसार भादरा के हाथीपुरा निवासी नरेश कुमार तथा सिकरोड़ी निवासी पुनित सिंह ने मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया गया कि 25 जून की रात करीब 1:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके परिजन रामचन्द्र, राजकुमार और पवन सिंह की कार मुंदी बड़ी बस स्टैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
परिजनों के अनुसार कार जयपुर से भादरा की ओर अपनी सही दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सादुलपुर की तरफ से आ रही एक बिना नंबर की एसयूवी कथित रूप से गलत दिशा में और तेज गति से चलाते हुए कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में भादरा निवासी रामचन्द्र पुत्र गोविंदराम सिंधी तथा सिकरोड़ी निवासी पवन सिंह पुत्र सुरेश सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजकुमार पुत्र कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल राजकुमार ने ही मोबाइल पर हादसे की जानकारी दी थी। सूचना देने के कुछ ही समय बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर स्तब्ध रह गए।
परिजनों ने एसयूवी चालक पर लापरवाही, तेज गति और गलत दिशा में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
25 Jun 2026 07:43 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
