
प्रतापगढ़ पुलिस। फोटो पत्रिका नेटवर्क
प्रतापगढ़। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रशेखर पालीवाल और थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि नौगांवा निवासी शाहजेब उर्फ बल्ला पुत्र शमशेर खान द्वारा लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर अवैध संपत्ति अर्जित की गई थी।
थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि 11 फरवरी 2025 को एनसीबी अहमदाबाद द्वारा दर्ज प्रकरण में 4.534 किलो अल्प्राजोलम पाउडर की बरामदगी के बाद जांच में शाहजेब उर्फ बल्ला और उसकी मां यासमीन बानो की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद 4 जुलाई 2025 को दोनों को गिरफ्तार किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का पिता शमशेर खान पूर्व में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में दोष सिद्ध हो चुका हैं। जबकि उसका भाई समीर खान भी एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में वांछित चल रहा है।
पुलिस द्वारा की गई वित्तीय जांच में आरोपी के कब्जे और परिजनों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों को चिन्हित किया गया। इनमें नौगांवा स्थित एक आवासीय भवन, दो मुर्गी फार्म हाउस तथा कई महंगे वाहन शामिल हैं। इनमें दो कार और मोटर साइकिल शामिल हैं। इन संपत्तियों का वर्तमान बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए आंका गया है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेजा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद 24 जून 2026 को आरोपियों के विरुद्ध फ्रीजिंग नोटिस जारी किए गए और संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड लगाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि प्रतापगढ़ पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थ तस्करों, उनके सहयोगियों और तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। हमारा लक्ष्य केवल तस्करों को जेल भेजना नहीं, बल्कि उनकी अवैध आर्थिक ताकत को भी पूरी तरह से नेस्तनाबूद करना है, ताकि जिले से नशे के कारोबार की जड़ों को हमेशा के लिए उखाड़ा जा सके।
Published on:
25 Jun 2026 05:49 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रतापगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
