अलवर

Alwar Cyber Fraud: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 5.84 लाख की ठगी, लिंक भेजकर की ठगी 

Cyber Fraud: राजस्थान के अलवर में एक व्यक्ति को घर बैठे ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर खाते से 5.84 लाख रुपए ठग लिये। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 12, 2026
Cyber Fraud
representative picture (patrika)

Cyber Fraud: आजकल साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और ठग लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला अलवर जिले से सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को ऑनलाइन ट्रेडिंग में कम समय में बड़ा फायदा होने का सपना दिखाया और देखते ही देखते उससे 5,84,750 रुपये ठग लिए।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह ठगी करीरिया निवासी अनूप वर्मा (पुत्र रामजीवन वर्मा) के साथ हुई है। अनूप के मोबाइल पर कुछ दिन पहले अनजान नंबर से एक लिंक आया था। जब उसने उत्सुकतावश उस लिंक को खोला, तो उसमें ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट और शेयर मार्केट से जुड़े कई लुभावने प्लान दिखाए गए थे। लिंक में संपर्क करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था।

ऐसे लिया झांसे में

जब अनूप ने उस नंबर पर कॉल किया, तो सामने वाले व्यक्ति ने बहुत ही मीठी-मीठी बातों में उसे फंसा लिया। ठग ने दावा किया कि अगर वह उनकी स्कीम में पैसा लगाएगा, तो उसे कुछ ही दिनों में दोगुना-तिगुना मुनाफा होगा। झांसे में आकर पीड़ित ने उनके बताए अनुसार किश्तों में पैसे भेजने शुरू कर दिए। शुरुआत में सब ठीक लगा, लेकिन देखते ही देखते अनूप ने अलग-अलग किश्तों में कुल 5 लाख 84 हजार 750 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

जब पीड़ित ने अपने पैसे और उस पर मिला मुनाफा वापस निकालने की कोशिश की, तो ठगों का असली चेहरा सामने आ गया। अनूप ने जब दिए गए मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो वह नंबर स्विच ऑफ मिला। इतना ही नहीं, जिस लिंक के जरिए वह पूरी ट्रेडिंग देख रहा था, उसने भी काम करना बंद कर दिया था।


अनजान लिंक पर भरोसा न करें

खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद अनूप तुरंत अलवर साइबर पुलिस थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और जिस बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं व जिस नंबर से कॉल आया था, उनकी डिटेल्स खंगालना शुरू कर दिया है।

सावधानी ही बचाव है: साइबर एक्सपर्ट्स और पुलिस बार-बार अपील करती है कि व्हाट्सएप या एसएमएस पर आए किसी भी अनजान लिंक पर भरोसा न करें। बिना पूरी जांच-पड़ताल किए शेयर बाजार या ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न ट्रांसफर करें।

Updated on:
12 Jul 2026 11:30 am
Published on:
12 Jul 2026 11:30 am