
अलवर। नगर निगम के वार्ड पार्षद के चुनाव के लिए 522 उम्मीदवारों की ओर से भरे गए 597 में से 132 नामांकन-पत्र विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए हैं। पूर्व सभापति शकुंतला सोनी का नामांकन भी निरस्त हो गया है। वार्ड नंबर 9, 10, 15, 43, 50, 56, 61 व 64 से किसी भी दावेदार का पर्चा निरस्त नहीं हुआ है। पूरे निगम क्षेत्र में 446 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे अधिक 17 प्रत्याशी वार्ड नंबर 42 में हैं। तीन सितंबर को नाम वापसी के बाद पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि कितने प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी में वार्ड 58 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कुमार का नामांकन रद्द कर दिया गया है। रिटर्निंग अधिकारी की ओर से इंगित किया गया है कि प्रत्याशी के खिलाफ आइपीसी सेक्शन 354 में आरोप तय कर न्यायालय में मामला विरचित किया गया है। इस धारा में कम से कम एक वर्ष एवं अधिकतम पांच वर्ष तक की सजा का प्रावधान है, इसलिए नाम निर्देशन पत्र निरस्त किया गया है।
इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार रात को अलवर के मिनी सचिवालय पहुंचे। जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि प्रत्याशी की ओर से इस संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत कर दिए गए थे। जिसमें मामला निरस्त होने का हवाला दिया गया था। इसके बाद भी पर्चा निरस्त करना गलत है। यहां से रीमा चौपड़ा ने भी कांग्रेस के नामांकन दाखिल किया था। हालांकि उन्हें पार्टी का सिंबल नहीं मिला, जिसकी वजह से नामांकन निरस्त हो गया। अब इस वार्ड में भाजपा प्रत्याशी मीनू बाघला के साथ निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र कौर, चंद्रभान सैनी और ममता शर्मा का मुकाबला होगा।
इसी तरह वार्ड 31 से सुरेंद्र गुर्जर, आशीष अरोड़ा, जगदीश, रामौतार, वार्ड 32 से पुष्पेंद्र, अनीता अग्रवाल, शोभा, रोहन मीणा, सोहन सिंह, वार्ड 33 से उम्मेद सिंह, कपिल शर्मा, विशाल भाटी, वार्ड 34 से कमलेश सैनी, विनस खान, वार्ड 35 से अंजना सैनी, वार्ड 36 से जगदीश प्रसाद, वार्ड 37 से फूल कंवर, खेलवंती, रेनू, वार्ड 38 से अयूब खान, वार्ड 40 से अनीता, मोनिका, गीतांजलि, वार्ड 41 से सतीश, वार्ड 42 से महेश, किशोर, अभिषेक कुमार, महेश कुमार, लोकेश वर्मा, लोकेश बैरवा, मोनू कुमार, वार्ड 44 से खेमचंद महावर, विनोद महावर, पूनम, वार्ड 45 से स्वाति गोयल, ओमवती, वार्ड 46 से मनोज सैनी, वार्ड 47 से फूलवती, वार्ड 48 से वंदना गुप्ता, राजरानी शर्मा, वार्ड 49 से कीर्ति शर्मा, वार्ड 51 से आशा, वार्ड 52 से शकुंतला सोनी, अंजना दीवान, वार्ड 53 से ग्रेस कुमार अग्रवाल, नरेंद्र शर्मा, वार्ड 54 से सोनम, वार्ड 57 से संजय, मालती, रानी, वार्ड 58 से रीना चौपड़ा, हेमंत कुमार, वार्ड 59 से कपिला खंडेलवाल, चिंकी कौर, वार्ड 60 से हर्षवर्धन सिंह, वार्ड 62 से पंकज सिंह, वार्ड 63 से अंकुर आहूजा, मातादीन गुर्जर व वार्ड 65 से अनूप सिंह जाट का पर्चा निरस्त हुआ है।
वार्ड एक से राशिद, वार्ड दो से अजीत, वार्ड तीन से रामबाबू सैनी, तेज सिंह, कृष्ण कुमार बैरवा, ऊषा शर्मा, प्रकाश वर्मा, राजेंद्र सैनी, वार्ड चार से सुमन जाटव, मिथलेश देवी, पुष्पा कुमारी, वार्ड छह से मनीष, वार्ड सात से मिथलेश, पूनम देवी, अनिल, वार्ड आठ से अभिषेक नायक, वार्ड 11 से नवीन, गोविंद, वार्ड 12 से जितेंद्र कुमार, लोकेश, विष्णु सोनी, मधु सोनी, वार्ड 14 से यश कुमार भारद्वाज व पवन छाबड़ा, वार्ड 14 से महेश सेठी, मोहित सोमवंशी, राकेश सैनी, नरेश, वार्ड 17 से बिमला देवी, जितेंद्र सैनी, वार्ड 18 से अविनाश, चंद्रशेखर, निर्दलीय प्रकाश दीप, वार्ड 19 से नरेंद्र कुमार, वार्ड 20 से नीतू शर्मा, नेहा गौड़, मनीषा मीना, वार्ड 21 से पार्वती देवी, वार्ड 22 से कुलदीप, गुरदयाल, वार्ड 23 से हेमचंद, राजीव शर्मा, वार्ड 24 से मंजू सैनी, वार्ड 25 से सीमा योगी, वार्ड 26 से सूरज कुमार, गोकलराम, कन्हैया लाल, हिमांशु, सुनील वर्मा का पर्चा निरस्त हुआ है।