2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान निकाय चुनाव: वोटिंग से पहले खुला BJP का खाता, बीकानेर में लीला गहलोत की निर्विरोध जीत तय

Bikaner Nagar Nigam Election: बीकानेर नगर निगम चुनाव में भाजपा का खाता खुल गया है। वार्ड संख्या 69 से भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत की निर्विरोध जीत तय हो गई है। नाम वापसी की अवधि पूरी होने के बाद लीला गहलोत को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।
2 min read
Google source verification
BJP Candidate Leela Gehlot

लीला गहलोत विक्ट्री साइन दिखाते हुए। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव में भाजपा का खाता खुल गया है। वार्ड संख्या 69 से भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत की निर्विरोध जीत तय हो गई है। मंगलवार की जांच के दौरान उनकी एकमात्र प्रतिद्वंद्वी को नामांकन पत्रों ममता सांसी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। ममता के नामांकन में पार्टी के तौर पर आरएलपी का उल्लेख था, लेकिन नामांकन पत्र के साथ पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न नहीं होने के कारण उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया। नाम वापसी की अवधि पूरी होने के बाद लीला गहलोत को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।

कांग्रेस की सूची में था ममता का नाम

दिलचस्प बात यह है कि ममता सांसी का नाम कांग्रेस की ओर से जारी 80 प्रत्याशियों की सूची में शामिल था और कांग्रेस ने उन्हें पार्टी का सिंबल भी आवंटित किया था। इसके बावजूद नामांकन पत्र में पार्टी के तौर पर आरएलपी का नाम दर्ज होने और उसके अनुरूप अधिकृत सिंबल संलग्न नहीं होने से उनका नामांकन जांच में खारिज हो गया।

पति भी रह चुके है पार्षद

पिछले बोर्ड में लीला गहलोत के पति अनूप गहलोत भाजपा के पार्षद रह चुके हैं। इस बार वार्ड सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने पर भाजपा ने लीला गहलोत को प्रत्याशी बनाया। बीकानेर शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि लीला गहलोत की निर्विरोध जीत के साथ भाजपा का खाता खुल गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का बोर्ड बनेगा। निगम चुनाव संयोजक सत्यप्रकाश आचार्य ने भी जीत को पार्टी के लिए शुभ संकेत बताया।

448 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही

बीकानेर में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत मंगलवार को भरे हुए नामांकन पत्रों की जांच हुई। जिला निर्वाचन विभाग की जानकारी अनुसार नामांकन पत्रों की जांच में कुल 550 प्रत्याशियों में से 448 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए। रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम बीकानेर एवं एडीएम सिटी बीकानेर रीना के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 550 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र जमा करवाए थे। नामांकन पत्रों की जांच में कुल 607 नामांकन पत्रों में से 127 नामांकन पत्र निरस्त हुए। तीन सितंबर तक नाम वापसी का समय है।

मतदान एवं मतगणना के दौरान सूखा दिवस घोषित

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित नगरीय चुनाव कार्यक्रम के दौरान जिले के नगरीय क्षेत्रों में शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। नगरीय निकायों के आम चुनाव के लिए मतदान 9 सितंबर एवं 11 सितंबर को कराया जाना निर्धारित है। आदेशानुसार प्रथम चरण के लिए मतदान समाप्ति से पूर्व की 48 घंटे की अवधि के दौरान 7 सितंबर को शाम 6 बजे से 9 सितंबर को शाम 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। वहीं द्वितीय चरण के लिए 9 सितंबर को शाम 6 बजे से 11 सितंबर को शाम 6 बजे तक सूखा दिवस घोषित किया है। इसके अतिरिक्त 14 सितंबर को मतगणना दिवस के अवसर पर भी सूखा दिवस घोषित किया गया है।