
महिपाल सिंह मकराना की सरकार को सीधी चेतावनी (फोटो सोशल मीडिया)
बीकानेर। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राजस्थान की सियासत में श्री राजपूत करणी सेना के ऐलान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने बीकानेर में प्रेस वार्ता कर कहा कि करणी सेना निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों का बहिष्कार करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर संगठन का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस मुद्दे पर पुनर्विचार नहीं करती। मकराना ने चेतावनी दी कि समय रहते सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि सवर्ण समाज लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस का परंपरागत वोटर रहा है, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दल सवर्ण समाज को अपना कोर वोटर मानते रहे हैं। ऐसे में आगामी नगर निकाय चुनाव में दोनों दलों का बहिष्कार कर समाज अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगा।
मकराना ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सवर्णों को लेकर ‘भटकती आत्मा’ जैसी टिप्पणी करती है, जबकि भाजपा की ओर से यह धारणा जताई जाती है कि सवर्ण उसे छोड़कर कहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार समाज वोट की ताकत के जरिए दोनों दलों को जवाब देगा।
श्री राजपूत करणी सेना पिछले कई महीनों से यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। संगठन की ओर से राजस्थान के अलग-अलग शहरों में यात्राएं और विरोध कार्यक्रम किए जा रहे हैं। मकराना ने कहा कि यूजीसी के मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। मांग पूरी होने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इस मामले में सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के बहिष्कार के फैसले को भी इसी आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है।
करणी सेना की ओर से यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर राजस्थान में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जयपुर में निकाली गई एक यात्रा के दौरान एक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी काफी विवाद हुआ था।
प्रेस वार्ता के अंत में करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने प्रेस प्रतिनिधियों का आभार जताया। वहीं, कार्यक्रम का संचालन श्री राजपूत करणी सेना के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने किया।
Updated on:
01 Sept 2026 10:44 pm
Published on:
01 Sept 2026 10:38 pm
