
Pratapgarh: प्रतापगढ़ में जनता का अभिवादन स्वीकार करते पूर्व सीएम अशोक गहलोत (फोटो-पत्रिका)
प्रतापगढ़। जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। धरियावद रोड पर बंबोरी स्थित वेयरहाउस के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से चार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक युवक का उदयपुर में उपचार चल रहा है।
देवगढ़ थाना प्रभारी कानाराम ने बताया कि हादसा रविवार रात करीब 9 बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने अनिल (25), निवासी जोगीखेड़ा खतौड़ी और विकास मीणा (25), निवासी शाहजी का पठार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए बादलनाथ, कुलदीप (19) और निलेश मीणा (24) को उदयपुर रेफर किया गया। उदयपुर ले जाते समय निलेश की मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान सोमवार तड़के कुलदीप ने भी दम तोड़ दिया। बादलनाथ का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, जोगीखेड़ा खतौड़ी गांव निवासी अनिल, उसका भाई बादल और चचेरा भाई कुलदीप रविवार को देवाक माता मंदिर में दर्शन करने और वहां आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कांग्रेस जनसभा में शामिल होने गए थे। सभा समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 15 किलोमीटर दूर बंबोरी वेयरहाउस के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर शाहजी का पठार निवासी चचेरे भाई निलेश मीणा और विकास मीणा सवार थे।
हादसे में जान गंवाने वालों में अनिल और कुलदीप आपस में भाई थे, जबकि निलेश और विकास चचेरे भाई थे। अनिल की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। कुलदीप की भी करीब एक साल पहले सगाई हुई थी। वह 12वीं पास था और मैकेनिक का काम करता था। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे की जानकारी मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के देवगढ़ इलाके में कांग्रेस जनसभा से लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में मौत की खबर से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Updated on:
01 Sept 2026 07:57 pm
Published on:
01 Sept 2026 07:57 pm
