
4 सेकेंड में 10 लाख के गहने पार (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
धरियावद (प्रतापगढ़): जिला मुख्यालय के धरियावद कस्बे में रविवार शाम एक ज्वेलरी शॉप पर बड़ी वारदात सामने आई है। सुभाष पार्क के पास स्थित पद्मावती ज्वेलर्स में एक शातिर बदमाश महज चार सेकेंड में करीब 56 से 58 ग्राम वजन की सोने की 6 चेन और ब्रेसलेट लेकर फरार हो गया। चोरी किए गए सोने की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुकान मालिक जुगल दोषी ने बताया कि आरोपी की पहचान धरियावद निवासी आरिफ खान के रूप में हुई है। वह शनिवार को भी दुकान पर आया था और 1.25 लाख रुपए के बजट में सोने की चेन दिखाने को कहा था। उस दौरान उसने किसी को दिखाने का बहाना बनाकर मोबाइल से चेन की फोटो खींची और यह कहकर चला गया कि फोटो भेजने पर कोई जवाब नहीं आया है, इसलिए वह अगले दिन दोबारा आएगा।
रविवार रात करीब 7:30 बजे आरोपी दोबारा दुकान पर पहुंचा। उस समय जुगल दोषी दुकान पर अकेले थे। आरोपी ने उनसे 4-5 सोने की चेन और ब्रेसलेट दिखाने को कहा। इसके बाद वह हर चेन की कीमत पूछने और व्हाट्सएप पर फोटो भेजने का नाटक करते हुए सुनार को अपने फोन में उलझाए रखा। जैसे ही सुनार का ध्यान भटका, उसने टेबल पर रखी सोने की चेन समेटी और पलक झपकते ही दुकान से रफूचक्कर हो गया।
घटना की भनक लगते ही आसपास के व्यापारी तुरंत मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोश जताते हुए धरियावद थाने पहुंचे। व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और माल बरामद करने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया। पीड़ित ज्वैलर की नामजद शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे इलाके में तुरंत नाकाबंदी कराई। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों, इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर लगातार दबिश दी जा रही है।
Updated on:
24 Aug 2026 05:47 pm
Published on:
24 Aug 2026 05:47 pm
