
भाजपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद रवाना होते भाजपा पदाधिकारी व अन्य। फोटो: पत्रिका
ब्यावर। नगर निकाय चुनाव में वार्ड 59 से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सुनीता चौधरी का नामांकन मंगलवार को संवीक्षा के दौरान खारिज कर दिया गया। कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई आपत्ति पर सुनवाई और दस्तावेजों की जांच के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने यह निर्णय किया। सुनीता ग्राम पंचायत बलाड में प्रशासक के पद पर कार्यरत थीं। उनका दावा था कि उन्होंने प्रशासक पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन इस्तीफा नियमानुसार जिला कलक्टर तक नहीं पहुंचा।
भाजपा ने वार्ड 59 से सुनीता चौधरी को अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा, आशीषपाल पदावत और रामस्वरूप सेवलिया ने उनकी पात्रता को लेकर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। आपत्ति में कहा गया कि सुनीता प्रशासक के पद पर कार्यरत थीं और उन्होंने पद से इस्तीफा देने की प्रक्रिया पूरी नहीं की। इस पर रिटर्निंग अधिकारी ने दस्तावेजों की जांच की और सुनवाई के बाद नामांकन निरस्त कर दिया। नामांकन खारिज होने के बाद वार्ड 59 में भाजपा के चुनावी समीकरण बदल गए हैं। अब कांग्रेस के जान मोहम्मद व निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं।
नामांकन खारिज होने की सूचना के बाद विधायक शंकरसिंह रावत, भाजपा प्रभारी सरिता गैना और जिलाध्यक्ष आशीष सांड ने जिला कलक्टर से मुलाकात की। भाजपा की ओर से मामले में प्रत्याशी का पक्ष रखा गया।
ग्राम पंचायत बलाड इस बार नगर परिषद ब्यावर का हिस्सा बनकर वार्ड संख्या 59 में शामिल हुई है। इससे पहले बलाड स्वतंत्र ग्राम पंचायत थी और सुनीता यहां सरपंच थीं। पंचायत का कार्यकाल पूरा होने के बाद कार्यकाल बढ़ाया गया और सुनीता को प्रशासक नियुक्त कर दिया गया। नगर परिषद का वार्ड बनने के बाद भाजपा ने उन्हें वार्ड 59 से अधिकृत प्रत्याशी बनाया। उन्होंने पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।
सुनीता ग्राम पंचायत बलाड से प्रशासक हैं। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को प्रशासक पद से इस्तीफा दिया था, लेकिन यह इस्तीफा नियमानुसार जिला कलक्टर तक नहीं पहुंचाया गया। यह प्रत्याशी की लापरवाही रही।
-सरिता गैना, भाजपा प्रभारी, ब्यावर
ब्यावर नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की संवीक्षा मंगलवार को कार्यालय उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार (पुराना वीसी हॉल) में हुई। नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए जमा 635 नाम निर्देशन पत्रों में से 282 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। संवीक्षा के बाद 353 नामांकन पत्र वैध पाए गए, जबकि अब चुनाव मैदान में 344 अभ्यर्थी रह गए है। संवीक्षा प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने नामांकन पत्रों की जांच की। जांच के बाद 282 नामांकन पत्रों को विभिन्न कारणों से निरस्त किया गया। वहीं 353 नाम निर्देशन पत्र वैध पाए गए।
वैध नामांकन पत्रों में से एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अभ्यर्थियों के नामांकन को मिलाकर संवीक्षा के बाद कुल 344 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
नगर परिषद ब्यावर के सभी 60 वार्डों के लिए अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी का आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। नाम वापसी के लिए आवेदन कार्यालय उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार (पुराना वीसी हॉल) में दिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में शेष रहने वाले अभ्यर्थियों की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।
Updated on:
02 Sept 2026 09:23 am
Published on:
02 Sept 2026 09:23 am
