
अलवर। अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही मालाखेड़ा पुलिस पहुंची भी मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार मालाखेड़ा-लक्ष्मणगढ़ सड़क मार्ग पर अहीर के तिबारा के समीप ज्ञानदीप स्कूल के पास कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दूध निकलवाने के लिए आया दूधिया अपने परिचित के साथ सड़क किनारे खड़े होकर चर्चा कर रहा था। इसी दौरान अलवर जिले के मालाखेड़ा की ओर से तेज रफ्तार से आई कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मालाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
इधर, हादसे से नाराज ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने लक्ष्मणगढ़-मालाखेड़ा सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस ग्रामीणों व परिजनों से समझाइश कर जाम खुलवाने के प्रयास में हुए हादसे को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश नजर आया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद पुलिस के आला अधिकारी ग्रामीणों से समझाइश में जुटे हुए है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मालाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस की ओर से जाम खुलवाने के प्रयास किए गए। हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।