अलवर

Alwar: अलवर में रोडवेज बस की टक्कर से सरकारी अध्यापिका की मौत, जयपुर रोड जाम

अलवर में जयपुर रोड पर भाखेड़ा के पास राजस्थान रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार सरकारी अध्यापिका अंबाला सोनी की मौत हो गई। हादसा स्कूल से निकलते समय हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
alwar road accident
आक्रोशित लोगों ने जयपुर रोड पर लगाया जाम (फोटो - पत्रिका)

अलवर में जयपुर रोड पर भाखेड़ा के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे (Road Accident) में सरकारी अध्यापिका अंबाला सोनी की मौत हो गई। वह स्कूटी से स्कूल से बाहर निकल रही थीं, तभी जयपुर की ओर से अलवर आ रही राजस्थान रोडवेज (Rajasthan Roadways) के मत्स्य नगर डिपो की बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि अध्यापिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।

स्कूल से निकलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, अंबाला सोनी पत्नी आकाश सोनी भाखेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (Government Senior Secondary School) में अध्यापिका थीं। स्कूल का एक अन्य भाग सामुदायिक भवन में संचालित होता है। बताया जा रहा है कि अध्यापिका इसी परिसर से स्कूटी लेकर बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान जयपुर की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अध्यापिका को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद वह काफी दूर तक घसीटती चली गईं। उनके हेलमेट को भी गंभीर नुकसान पहुंचा और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ससुर ने बताई हादसे की जानकारी

मृतका के ससुर जगदीश सोनी ने बताया कि अंबाला सोनी भाखेड़ा के सरकारी स्कूल में अध्यापिका थीं। स्कूल परिसर से बाहर निकलते समय जयपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

आक्रोशित लोगों ने जयपुर रोड पर लगाया जाम

अध्यापिका की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर शव रखकर जयपुर रोड जाम कर दिया। इससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शन कर रहे लोग हादसे को लेकर नाराजगी जता रहे थे। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्कूल से निकलते समय हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू कर दिया है।

Updated on:
21 Oct 2026 02:22 pm
Published on:
21 Oct 2026 02:22 pm