अलवर

Alwar News: अलवर में हादसा, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर… बेटे की मौत, पिता गंभीर घायल 

अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण एक्सीडेंट में 30 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Jul 15, 2026
akbarpur road accident
मौके पर जमा भीड़ (फोटो - पत्रिका)

सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह दुखद घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के नटनी का बारा के पास हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांद पहाड़ी गांव के रहने वाले दिनेश गुर्जर (30) अपने 60 वर्षीय पिता सरजीवन गुर्जर के साथ बाइक पर सवार होकर डहलावास जा रहे थे।

दिनेश की नानी सास के निधन के बाद वहां आयोजित शोक कार्यक्रम में दोनों को शामिल होना था। लेकिन किसे पता था कि मंजिल पर पहुंचने से पहले ही काल उनका रास्ता रोक लेगा। नटनी का बारा के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पिता जयपुर रेफर, ट्रक छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। हादसे में दिनेश के पिता सरजीवन गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अलवर से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।


घर में मचा कोहराम

जैसे ही दिनेश की मौत की खबर उसके घर चांद पहाड़ी पहुंची, वैसे ही पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया। घर की महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की खबर सुनते ही घर में मची अफरा-तफरी के बीच मृतक दिनेश की मां रेशम बाई और उसकी महज चार साल की मासूम बेटी मोनिका घबराकर भागने लगीं।

इसी हड़बड़ाहट में दोनों घर के आंगन में पैर फिसलने से गिर गईं और गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। मां-बेटी को भी तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

अकबरपुर थाना पुलिस ने बुधवार सुबह अस्पताल पहुंचकर मृतक दिनेश गुर्जर के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए रोते-बिलखते परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला गहरा जख्म दे दिया है।

Updated on:
15 Jul 2026 02:09 pm
Published on:
15 Jul 2026 02:09 pm