Alwar Tiger Marathon: फिट इंडिया मूवमेंट और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आयोजित ‘अलवर टाइगर मैराथन’ रविवार को भव्य और ऐतिहासिक रूप में संपन्न हुई।
Alwar Tiger Marathon फिट इंडिया मूवमेंट और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आयोजित ‘अलवर टाइगर मैराथन’ रविवार को भव्य और ऐतिहासिक रूप में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन के दौरान 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में देश-विदेश के कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय धावकों ने भाग लिया। मैराथन के लिए देशभर से 18 हजार से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जो इसके प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाता है।
मैराथन के दौरान हेलीकॉप्टर से धावकों पर फूलों की वर्षा की गई, जिससे प्रतिभागियों में जबरदस्त जोश और ऊर्जा का संचार हुआ। यह नजारा दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री संजय शर्मा और मैराथन के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता रणदीप हुड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह सामाजिक एकता और भाईचारे की दौड़ है। इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं है—न जाति का, न धर्म का। लोग इसे एक उत्सव की तरह मना रहे हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि टाइगर और पर्यावरण संरक्षण को फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ना एक अनोखी पहल है। इतनी बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और पैरा एथलीट्स की भागीदारी बेहद प्रेरणादायक है।
मैराथन में सेना के जवानों ने 21 किलोमीटर की दौड़ में भाग लेकर अनुशासन और फिटनेस का संदेश दिया। पैरा कैटेगरी के धावकों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ दौड़ लगाई। अभिनेता रणदीप हुड्डा ने दौड़ते हुए धावकों से हाथ मिलाया और फैंस के मोबाइल से सेल्फी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने भी धावकों के साथ फोटो खिंचवाए। अलवर टाइगर मैराथन ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सौहार्द का मजबूत संदेश दिया।