
50 E-Bus In Alwar City: प्रशासन ने अलवर शहर में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई है। हर 10 मिनट में स्टॉपेज पर बस मिलेगी। किराया 10 से 20 रुपए के बीच रहेगा। हालांकि अब किराया फाइनल नहीं किया गया है। बस डिपो बनाने के लिए रूडसिको ने तैयारी शुरू कर दी है।
माना जा रहा है कि नए साल में फरवरी तक बसों का संचालन शुरू हो सकता है। शहर में अभी सार्वजनिक यातायात के साधन नहीं हैं। जनता रेलवे स्टेशन हो या फिर बस स्टैंड, ऑटो आदि से ही जाती है। इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर जाने के लिए भी ऑटो ही सहारा हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अलवर का चयन प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत कर लिया है।
इसी योजना के तहत प्रशासन अब 50 बसें लाने जा रहा है। शहर की 48 वर्ग किमी की परिधि में ये बसें चलेंगी। जरूरत के हिसाब से यह आसपास के ब्लॉकों को भी जोड़ने का कार्य करेंगी। हालांकि यह तभी होगा, जब शहर में सवारियों की संख्या कम होगी।
ई-बसों का संचालन जल्द होने जा रहा है। पहले चरण में 50 बसें आ रही हैं। नगर निगम को संचालन का जिम्मा दिया गया है। यूआइटी ने बस डिपो बनाने के लिए जमीन आवंटित कर दी है। रूडसिको डिपो बनाने का कार्य करेगा। इससे जनता को काफी राहत मिलेगी।
बस डिपो बहाला में बनाया जाएगा, जिसके लिए यूआइटी ने करीब 13 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित की है। रूडसिको कंपनी को डिपो बनाने का कार्य दिया गया है। यह कार्य करीब दो से तीन माह में पूरा होगा। शहर के बस स्टॉपेज की संख्या करीब 30 है। इन्हें बढ़ाकर 50 तक किया जाएगा।
पुराने स्टॉपेज की मरम्मत यूआइटी करेगी। बसों के संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी। बताते हैं कि इन बसों के जरिए बाजार भी कवर होगा, जिससे जाम से राहत मिल सकती है। क्योंकि लोग ऑटो, रिक्शा आदि की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकेंगे। बसों के इलेक्ट्रिक होने से प्रदूषण भी नहीं होगा।