अलवर

Alwar Murder: 12वीं कक्षा के छात्र की हत्या, झाड़ियों में मिला शव; परिजन बोले- दोस्तों ने ही मार डाला

Tushar Murder Case: राजस्थान के अलवर जिले में 12वीं कक्षा के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। इकलौते बेटे की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
2 min read
Jul 16, 2026
Tushar Murder Case-1
अलवर में 12वीं के छात्र की हत्या। फोटो: पत्रिका

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में 12वीं कक्षा के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। दो दिन से लापता छात्र का लहूलुहान शव बुधवार सुबह नौगांवा थाना क्षेत्र के नेवाड़ी-पड़ावदा गांव स्थित श्मशान घाट की दीवार के पास झाड़ियों में मिला। देर रात शव की पहचान होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या मानते हुए सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।

थानाधिकारी हरदयाल सिंह ने बताया कि अलवर सदर थाना क्षेत्र के भूगोर से 2 दिन पहले 12वीं कक्षा का छात्र तुषार कुमार लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब बेटे का सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था। नौगांवा थाना क्षेत्र के नेवाड़ी-पड़ावदा गांव स्थित श्मशान घाट की दीवार के पास झाड़ियों में बुधवार सुबह युवक का लहूलुहान शव मिलने से की सूचना पर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 21 वर्ष प्रतीत हो रही थी। युवक के सिर के पीछे गंभीर चोट का निशान है तथा शव लहूलुहान अवस्था में मिला था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों सहित गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले गए। देर रात मृतक की पहचान हो पाई।

परिजनों ने कराई थी रिपोर्ट दर्ज

परिजनों ने 14 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छात्र अपने नौगांवा के तसई इंदिरा कॉलोनी के संजू व अजीत के साथ गया था। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

लहूलुहान हालत में मिला तुषार का शव

परिजनों का कहना है कि तुषार अपने कुछ दोस्तों के साथ 14 जुलाई को भूगोर इलाके से अचानक गायब हो गया था। जिसका शव अब अलवर से 45 किलोमीटर दूर नेवाड़ी-पड़ावदा गांव स्थित श्मशान घाट की दीवार के पास झाड़ियों में मिला है। परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने ही तुषार की हत्या कर शव को फॉर्म हाउस के पास फेंक दिया।

हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर उसके कई दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि दोस्तों ने किसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

इ​कलौते बेटे की मौत के बाद घर मचा कोहराम

मृतक तुषार कुमार 12वीं कक्षा का छात्र था और वह अपने माता-पिता के साथ अलवर सदर थाना क्षेत्र के भूगोर में रहता था। इकलौते बेटे की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। तुषार के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तुषार के पिता टेंट व्यवसायी हैं।

Updated on:
16 Jul 2026 12:51 pm
Published on:
16 Jul 2026 12:41 pm