अलवर

Rajasthan: नकली लिपस्टिक, काजल और टूथपेस्ट जब्त, ब्रांडेड प्रोडक्ट की आड़ में नकली सामान की सप्लाई, जांच में जुटी पुलिस

कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में डुप्लीकेट कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

2 min read
May 16, 2026
Fake Cosmetics

अलवर शहर में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने के मामले में शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई की गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत पर कंपनी प्रतिनिधियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित तीन बड़े गोदामों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में डुप्लीकेट कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

Petrol-Diesel Price Hike: राजस्थान में अब बढ़ेगा बसों का किराया, यात्रियों की होगी जेब ढीली

कंपनी की शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की प्रतिनिधि नयनतारा डेमी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अलवर में कंपनी के प्रसिद्ध ब्रांड “लेकमी” के नाम पर नकली उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे हैं। आरोप है कि आरोपी दिल्ली से सस्ता डुप्लीकेट सामान लाकर उसे असली ब्रांड बताकर ग्राहकों को बेच रहे थे। इससे कंपनी की साख और ब्रांड वैल्यू को नुकसान पहुंच रहा था।

तीन गोदामों पर एक साथ छापेमारी

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ मिलकर लोहिया पाड़ी, श्योलाल पुरा मोहल्ला और चूड़ी मार्केट क्षेत्र में स्थित तीन गोदामों पर एक साथ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने देर शाम गोदामों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में नकली कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए। छापेमारी के दौरान कई कार्टन और पैकेट जब्त किए गए, जिन पर नामी कंपनियों के लेबल लगे हुए थे।

नकली लेकमी और क्लोजअप उत्पाद बरामद

बरामद सामान में डुप्लीकेट लेकमी लिपस्टिक, काजल, फाउंडेशन, आई लाइनर, फेस क्रीम और क्लोजअप टूथपेस्ट सहित कई अन्य उत्पाद शामिल हैं। पुलिस फिलहाल जब्त किए गए सामान की गिनती और जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली सामान इतनी सफाई से पैक किया गया था कि आम ग्राहक आसानी से असली और नकली उत्पाद में फर्क नहीं कर सकता था।

दिल्ली से मंगाया जा रहा था डुप्लीकेट माल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से नकली सामान मंगवाकर अलवर के बाजार में सप्लाई कर रहे थे। ये उत्पाद कम कीमत पर खरीदकर ब्रांडेड सामान के रूप में बाजार में बेचे जा रहे थे। पुलिस हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई से बाजार में मचा हड़कंप

छापेमारी की खबर फैलते ही शहर के बाजारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सामान की सप्लाई किन-किन दुकानों और बाजारों में की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

Gold Theft: जयपुर में सोना चोरी कर ले गए बदमाश, अब पुलिस कर रहीं आरोपियों की तलाश, CCTV में कैद वारदात
Published on:
16 May 2026 12:45 pm
Also Read
View All