अलवर

Cyber Crime: राजस्थान के मंत्री संजय शर्मा का बना फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ठगों ने शुरू किया ‘खेल’

Sanjay Sharma Fake Social Media Account: मंत्री संजय शर्मा का ठगों ने सोशल मीडिया पर उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक फर्जी अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट के जरिए आम लोगों को मैसेज भेजकर पैसे कमाने और निवेश योजनाओं का झांसा दिया जा रहा है।
2 min read
Jul 10, 2026
sanjay sharma fake social media account
मंत्री संजय शर्मा (फाइल फोटो)

Sanjay Sharma Fake Social Media Account: राजस्थान में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे मंत्रियों के नाम पर भी धोखाधड़ी करने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला राजस्थान के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा का है, जिनके नाम पर सोशल मीडिया पर एक फर्जी प्रोफाइल एक्टिव की गई है। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए ठग लोगों को सीधे मैसेज भेज रहे हैं और उन्हें अलग-अलग व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप्स से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इन मैसेजेस में लोगों को मोटी कमाई करने और फर्जी निवेश योजनाओं (Investment Schemes) का लालच दिया जा रहा है।

मामला सामने आते ही मंत्री ने किया अलर्ट

जैसे ही यह पूरा मामला वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के संज्ञान में आया उन्होंने तुरंत बिना देरी किए आम जनता और अपने समर्थकों को अलर्ट किया। मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल करके एक फर्जी अकाउंट चलाया जा रहा है। यह अकाउंट लोगों को जाल में फंसाने के लिए तरह-तरह के मैसेज, निवेश योजनाएं और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के लिंक भेज रहा है।

'मेरा इस अकाउंट से कोई लेना-देना नहीं'

मंत्री ने जनता को सावधान करते हुए स्पष्ट किया कि इस फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से उनका या उनके कार्यालय का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने अपील की है कि अगर आपके पास भी संजय शर्मा के नाम से ऐसा कोई मैसेज, ग्रुप जॉइन करने का लिंक या निवेश का कोई ऑफर आता है, तो उस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। ठगों के झांसे में आकर अपनी कोई भी पर्सनल डिटेल, बैंक अकाउंट की जानकारी या वित्तीय डेटा किसी के साथ साझा न करें।


जनता से की फर्जी अकाउंट को 'Report' करने की अपील

संजय शर्मा ने लोगों से सहयोग मांगते हुए कहा है कि इस फर्जी अकाउंट को देखते ही तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 'Report' करें, ताकि इसे जल्द से जल्द ब्लॉक कराया जा सके और किसी भी तरह की बड़ी धोखाधड़ी को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही ऐसे साइबर अपराधों के खिलाफ हमारी सबसे बड़ी ताकत है। डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए हम सभी को सावधान रहने की जरूरत है। मंत्री संजय शर्मा अलवर शहर से विधायक हैं। मंत्री संजय शर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी शेयर की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Updated on:
10 Jul 2026 05:14 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:10 pm