
घटनास्थल व मामले की जानकारी देते हुए SP (फोटो - पत्रिका)
अलवर शहर के खदाना मोहल्ले में बुजुर्ग दिनेश चंद अग्रवाल की हाथ-पैर बांधकर हुई बेरहमी से हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस थाना कोतवाली, डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने वारदात के बाद दो आरोपियों को धर दबोचा है। चूंकि बुजुर्ग दिनेश चंद घर पर बिल्कुल अकेले रहते थे, इसलिए इस वारदात का पता घटना होने के लगभग 20 घंटे बाद लगा, जब उनका बेटा मकान पर पहुंचा। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था और महज 12 घंटे में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में पहला करण (20 वर्ष) पुत्र रामजीलाल कोली है, जो अलवर के दारु कुटा मोहल्ला का रहने वाला है. वहीं दूसरा आरोपी तेजू उर्फ तेजपाल (20 वर्ष) पुत्र अशोक वाल्मिकी है, जो मालवीय नगर के सरकारी क्वार्टर में रहता है। इन दोनों बदमाशों ने मिलकर चोरी और लूट के इरादे से बुजुर्ग के घर में प्रवेश किया था और उनकी हत्या कर नकदी व सामान लेकर फरार हो गए थे।
यह पूरी घटना तब सामने आई जब 10 जुलाई को मृतक के बेटे विकास कुमार अग्रवाल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। विकास ने बताया कि उनके पिता दिनेश चंद अग्रवाल खदाना मोहल्ला स्थित पुराने मकान में अकेले रहते थे और रोज रात को खाना खाने उनके पास आते थे। घटना वाली रात जब वे समय पर खाना खाने नहीं पहुंचे, तो विकास ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद जब बेटा पुराने मकान पर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था।
विकास ने जब दूसरी चाबी से ताला खोला और अंदर कमरे में गया, तो उसके होश उड़ गए। उनके पिता बेड पर मृत पड़े थे और उनके दोनों हाथ, पैर और मुंह कपड़े से बंधे हुए थे। बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी थी और वहां रखी नकदी समेट कर फरार हो गए थे।
अलवर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार और वृत्ताधिकारी अंगद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस, एफएसएल (FSL), एमओबी और डॉग स्क्वायड की टीमों ने तुरंत घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई की और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें डिटेन कर लिया।
Updated on:
10 Jul 2026 04:36 pm
Published on:
10 Jul 2026 04:26 pm
