अलवर

Rajasthan: हत्यारे लिव-इन पार्टनर को राजस्थान लाई हरियाणा पुलिस, सुशीला मर्डर केस में हाथ लगा बड़ा सबूत

Sushila Murder Case : सुशीला मर्डर केस में जांच कर रही हरियाणा पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। सुशीला की हत्या के मामले में आरोपी संदीप राजपूत को हरियाणा के झज्जर सदर थाना पुलिस नीमराना लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके मकान सहित घटनाक्रम से जुड़े संभावित स्थानों की जांच की।
2 min read
Aug 28, 2026
Sushila Murder case-1
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व इनसेट में मृतका सुशीला। फोटो: पत्रिका

अलवर। सुशीला मर्डर केस में जांच कर रही हरियाणा पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना से उस कार को बरामद कर लिया है, जिसमें आरोपी संदीप राजपूत लिव इन में रह रही 29 वर्षीय सुशीला के शव को लेकर झज्जर गया था और ड्रेन में फेंक दिया है। फिलहाल, पुलिस सात दिन में चले आरोपी संदीप से लगातार पूछताछ में जुटी हुई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आ पाई है।

रघुनाथपुर सूरजगढ़ निवासी सुशीला की हत्या के मामले में आरोपी संदीप राजपूत पुत्र नंदू सिंह निवासी चुड़ीना, पचेरी, झुंझुनूं को हरियाणा के झज्जर सदर थाना पुलिस गुरुवार को नीमराना लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके मकान सहित घटनाक्रम से जुड़े संभावित स्थानों की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की। हरियाणा सदर झज्जर थानाधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि घटनाक्रम को समझने के लिए आरोपी से पूछताछ की। पुलिस का फोकस सुशीला की मौत की वास्तविक वजह, घटना की परिस्थितियों और शव को नहर तक ले जाने में इस्तेमाल साधनों की कड़ियां जोड़ने पर है।

ये है पूरा मामला

झज्जर पुलिस को जुलाई को सिलानी गांव के पास नहर से अज्ञात युवती का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर 3 जुलाई को अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया और 5 जुलाई को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को सुशीला के मामा सतबीर चौधरी निवासी रघुनाथपुर, थाना सूरजगढ़ ने नीमराना थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुशीला 30 जून से लापता थी। इस पर पुलिस ने संदीप राजपूत को थाने लाकर पूछताछ शुरू तो सच्चाई सामने आई।

नीमराना पुलिस सोमवार को संदीप को साथ लेकर झज्जर सदर थाने पहुंची। वहां पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई को इसी नहर से एक युवती का शव मिला था। पुलिस के अनुसार उपलब्ध फोटो और अन्य जानकारी के आधार पर मृतका की पहचान सुशीला निवासी राजस्थान के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी को सात दिन में रिमांड पर लिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। 30 जून 2026 की सुबह दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि इसी दौरान संदीप ने गुस्से में सुशीला के सिर पर डंडे से वार किया और बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप की करीब तीन वर्ष पहले ऑनलाइन मार्केटिंग के काम के दौरान सुशीला से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पुलिस के मुताबिक, संदीप ने सुशीला को जीबी फूड प्राइवेट कंपनी, नीमराणा में नौकरी भी लगवाई थी।

Updated on:
28 Aug 2026 12:42 pm
Published on:
28 Aug 2026 12:41 pm