
अलवर। राजस्थान के अलवर में पांच महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के नाहरपुर में किराए के मकान में रह रही 28 वर्षीय कुमकुम का शव कमरे में फर्श पर बिछे गद्दे पर मिला। महिला पिछले करीब डेढ़ साल से योगेश कुमार के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी। घटना के बाद महिला के परिजनों ने योगेश पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
उद्योग नगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की है। नाहरपुर निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके मकान में योगेश अपनी कुमकुम के साथ किराए पर रहता था। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। योगेश अलवर में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। पुलिस के मुताबिक, रविवार को दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच योगेश वहां से निकल गया था। बाद में कमरे में कुमकुम का शव फर्श पर बिछे गद्दे पर मृत अवस्था में मिला। महिला के परिजनों ने योगेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी।
पुलिस के अनुसार, महिला और योगेश दोनों पहले से शादीशुदा थे। दोनों के पहले के संबंधों से दो-दो बच्चे हैं। इसके बावजूद दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से नाहरपुर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। महिला पांच महीने की गर्भवती थी। इस परिस्थिति में उसकी संदिग्ध मौत के मामले को पुलिस सभी पहलुओं से देख रही है।
थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कुमकुम और योगेश के बीच अक्सर मनमुटाव होता रहता था। दोनों के बीच छोटे-मोटे विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।