
अंबिकापुर। एसीबी सरगुजा (ACB action in Surajpur) की टीम ने भारतीय जीवन बीमा निगम के विश्रामपुर सेटेलाइट कार्यालय में 28 लाख 55 हजार 968 रुपए के गबन के मामले में आरोपी तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अलग-अलग तारीख को संग्रहित रुपए को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सतपता शाखा में जमा न कर गबन कर लिया था। शाखा प्रबंधक ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू रायपुर में की थी। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सूरजपुर में अभियोग पत्र पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को सूरजपुर जेल भेज दिया गया है।
सूरजपुर जिले के एलआईसी सेटेलाइट कार्यालय विश्रामपुर शाखा प्रबंधक विनोद कुमार सोनी ने ब्यूरो मुख्यालय ईओडब्ल्यू रायपुर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि कार्यालय में पदस्थ तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा (ACB arrested LIC officer) ने अलग-अलग तिथि को कलेक्ट किए गए 28 लाख 55 हजार 968 रुपए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा सतपता में जमा नहीं की और गबन कर लिया।
एसीबी (ACB Surguja) की जांच में मामले की पुष्टि होने पर धारा 409, 467, 468, 471 भादवि एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथा संशोधित अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी अमोद कुमार लकड़ा ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में उक्त राशि जमा नहीं की। उसने फर्जी पे-इन स्लिप तैयार कर एलआईसी शाखा विश्रामपुर में जमा कर दिया।
मामले की जांच के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर (Anti corruption Bureau) ने शुक्रवार को आरोपी अमोद कुमार लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने आरोपी को विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सूरजपुर के समक्ष पेश कर किया, जहा ंसे उसे जेल भेज दिया गया।
एसीबी (ACB) के अनुसार आरोपी ने 4 अप्रैल 2019 को 3 लाख 3 हजार 584 रुपए, 4 सितंबर 2019 को 6 लाख 69 हजार 434 रुपए, 19 अक्टूबर 2019 को 2 लाख 79 हजार 64 रुपए, 18 नवंबर 2019 को 5 लाख 50 हजार 397 रुपए, 24 अप्रैल 2020 को 7 लाख 21 हजार 972 रुपए, 29 सितंबर 2020 को 3 लाख 30 हजार 617 रुपये और 14 अक्टूबर 2020 को 3 लाख 9 हजार 399 रुपए जमा किए थे। इस तरह आरोपी ने कुल 28 लाख 55 हजार 968 रुपए का गबन किया था।