
अंबिकापुर. सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत रविवार को मलेरिया प्रभावित क्षेत्र (Malaria Effected Area) उदयपुर विकासखंड के ग्राम मतरिंगा पहुंचे। यहां 39 मलेरिया पीडि़त मिल चुके हैं। वर्तमान में क्षेत्र में जांच के दौरान वर्तमान में मलेरिया के 3 मरीज सामने आए हैं, जिनका उपचार जारी है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को प्रभावित क्षेत्र में सघन सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करने, संदिग्ध मरीजों के तत्काल सैंपल लेने तथा पॉजिटिव पाए जाने पर समय पर उपचार सुनिश्चित करने कहा। बता दें कि इतनी संख्या में मलेरिया प्रभावितों के मिलने के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मचा हुआ था।
कलेक्टर (Surguja Collector) ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि मलेरिया प्रभावित गांवों में जांच व देखभाल के लिए मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, सचिव सभी को निर्देशित करें। स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाएं, प्रत्येक परिवार की जांच हो। उन्होंने मलेरिया की रोकथाम के लिए आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव वाले स्थानों की पहचान और मच्छरों के नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को लगातार निगरानी बनाए रखने और लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परिवारों को मच्छरदानी प्रदान करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण (Collector inspection) के दौरान मतरिंगा ग्राम में राशन वितरण, सोलर लाइट, विद्युत, पुलिया सहित अन्य समस्या संज्ञान में आने पर कलेक्टर ने सम्बंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पहाड़ी कोरवा आश्रम मरेया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आश्रम में पीने के पानी के लिए गहरा बोर कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदमा का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने यहां मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और उपचार की गुणवत्ता पर समीक्षा की। कलेक्टर के निरीक्षण उनके द्वारा स्वास्थ्य अधिकारियों व मैदानी अमले को दिए गए निर्देश के बाद मलेरिया प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य व्यवस्था में और सुधार की उम्मीद जगी है।