
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की करीब 100 छात्राएं सोमवार की सुबह कलेक्टर (Surguja Collector) से मिलने पैदल ही छात्रावास से निकल पड़ीं। करीब 20 किमी तक वे पैदल चलती (Hostel girls) रहीं। इसकी खबर जब अधिकारियों को लगी तो उनमें हडक़ंप मच गया। ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त ने रास्ते में छात्राओं को रोकने का प्रयास किया तथा उनसे समस्याएं पूछने लगे, लेकिन छात्राएं नहीं रुकीं। अंतत: सहायक आयुक्त ने बस की व्यवस्था कराकर छात्राओं को अंबिकापुर पहुंचाया। यहां छात्राएं कलेक्टर से मिलीं और अपनी समस्याएं बताईं। कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए ट्राइबल विभाग के एसी को निर्देशित किया है।
सरगुजा जिले के छात्रावासों में लगातार अव्यवस्था की शिकायतें सामने आ रही हैं। गल्र्स छात्रावास में सबसे अधिक ये समस्याएं देखने को मिल रही हैं। पिछले एक माह के भीतर जिले के तीन जगह की छात्राओं ने अपनी शिकायतें अधिकारियों तक पहुंचाई हैं। सबसे पहले रघुनाथपुर के राईं स्थित स्कूल के छात्रावास (Eklavya awasiy vidyalaya Shivpur) में रहने वाली छात्राओं ने अपनी आवाज उठाई थी।
वे छात्रावास अधीक्षिका की शिकायत लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल निकल गई थीं, बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ था। वहीं उदयपुर ब्लॉक की छात्राओं ने भी वहां के महिला सुरक्षाकर्मी पर वर्दी धुलवाने और रात में मालिश कराने की शिकायत की थी। इसी बीच बतौली के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय कन्या विद्यालय की छात्राएं सोमवार को समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल ही निकल गईं।
छात्राएं एकलव्य आवासीय छात्रावास से निकलकर पैदल अंबिकापुर आ रही थीं। यह बात जब प्रशासनिक व ट्राइबल विभाग के अधिकारियों तक पहुंचीं तो वे छात्राओं को रोकने पहुंच गए। उन्होंने छात्राओं को रास्ते में रोकने की कोशिश की तथा उनसे कहा कि वे अपनी समस्याएं बताएं। लेकिन छात्राओं न तो रुकीं और न ही उनसे अपनी समस्याएं साझा कीं। उनका कहना था कि वे कलेक्टर से मिलकर अपनी बातें रखेंगीं। बाद में अधिकारियों ने बस की व्यवस्था कर छात्राओं को अंबिकापुर पहुंचाया।
छात्राएं जब अंबिकापुर पहुंचीं, इस दौरान कलेक्टर (Surguja Collector) टीएल मीटिंग में व्यस्त थे। जब छात्राओं के पहुंचने की जानकारी उन्हें दी गईं तो उन्होंने एकांत में उनसे चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि छात्राओं ने उनसे 3 समस्याएं बताईं। उन्होंने कहा कि 1 माह से छात्रावास में बिजली नहीं है। फिजिक्स और कैमेस्ट्री के शिक्षक उन्हें अच्छे से नहीं पढ़ाते हैं। वहीं मेस में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं है। कलेक्टर ने कहा कि मैंने इन 3 समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।