
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे- 130 स्थित लहपटरा टोल प्लाजा पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े (Minister Laxmi Rajwade) की कार पर बूम बैरियर गिर गया था। इस दौरान मंत्री का काफिला टोल प्लाजा से गुजर रहा था। बूम बैरियर गिरने के बाद स्थानीय टोल कर्मी युवक की काफिले में शामिल एक व्यक्ति द्वारा पिटाई की गई थी। मामला थाने तक पहुंच गया था। इस मामले में मंत्री का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मैं उस समय विश्राम की अवस्था में थी। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वाहन ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की थी, उसे कड़ी चेतावनी दी गई है। उनके पीएम मारपीट में शामिल नहीं थे। वहीं उन्होंने अगले दौरे में पीडि़त से मिलने की बात कही है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया गया कि दिनभर विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े कार्यों में व्यस्तता के कारण वे अत्यधिक थक गई थीं और यात्रा के दौरान अपने वाहन में विश्राम कर रही थीं। वाहन के भीतर होने के कारण उन्हें मौके पर हुई घटना की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
अगले दिन जब सोशल मीडिया (Social media) एवं अन्य माध्यमों से इस दुर्भाग्यपूर्ण वाकये की जानकारी मिली, तो वे अत्यंत आहत और व्यथित हुईं। मंत्री ने कहा कि टोल प्लाजा पर बूम बैरियर का गिरना एक तकनीकी अथवा मानवीय त्रुटि हो सकती है। एक जनसेवक होने के नाते उस त्रुटि को स्वाभाविक मानते हुए कर्मचारी को क्षमा करती हूं।
परंतु किसी भी सामान्य अथवा तकनीकी भूल के बदले चालक द्वारा किसी नागरिक अथवा कर्मचारी के साथ किया गया ऐसा अशोभनीय व्यवहार (Toll worker beaten) किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि टोल कर्मचारी को हुई मानसिक पीड़ा के लिए उन्हें व्यक्तिगत रूप से गहरा खेद है। वे अपने अगले प्रवास के दौरान स्वयं उस कर्मचारी से मिलेंगीं। उन्होंने कहा कि जनता का आत्मसम्मान और सुरक्षा का पूरा ध्यान सदैव रखा जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि इस मामले में पीए शामिल नहीं हैं। वह वाहन चालक था।
2 सितंबर की रात मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का काफिला लहपटरा टोल प्लाजा से गुजर रहा था। इस दौरान काफिले में शामिल एक कार निकल गई, जबकि मंत्री की गाड़ी पर बूम बैरियर गिर गया। इसके बाद वाहन चालक ने टोलकर्मी को कई थप्पड़ (Toll workers slapped by driver) मारे थे। इस दौरान टोलकर्मी उससे मिन्नतें कर रहा था। बूम बैरियर मंत्री की कार पर गिरने तथा टोलकर्मी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।