अशोकनगर

रात 2 बजे रानी की चीख सुनकर जागा परिवार, हाथ के पास बैठा था सांप, अशोकनगर अस्पताल में मौत

Snake Bite Death: रात में कमरे में जमीन पर सोते वक्त रानी को हाथ में सांप ने काटा, अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को थमी सांसें।
2 min read
ashoknagar
15 Year Old Girl Rani Dies After Snake Bite While Sleeping, प्रतीकात्मक तस्वीर (source-patrika file)

Ashoknagar Snake Bite Death: मध्यप्रदेश में बारिश का मौसम आते ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ गई हैं। अशोकनगर जिले से भी सर्पदंश से एक 15 साल की लड़की की मौत की खबर सामने आई है। घटना जिले के शाढ़ौरा गांव की है जहां बीती रात 2 बजे सोते वक्त लड़की के हाथ में सांप ने डस लिया था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज शुरु हुआ, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शनिवार को इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई। बेटी की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

रात 2 बजे सांप ने काटा

शाढ़ौरा में रहने वाले मनोज पटेल की 15 वर्षीय बेटी रानी बीती रात अपनी दादी के साथ घर के एक कमरे में जमीन पर सो रही थी। रात 2 बजे अचानक जोर से चीखी तो परिजन की नींद खुली, परिजन ने तुरंत कमरे का लाइट जलाया तो रानी के हाथ के पास एक सांप बैठा हुआ था। सांप ने रानी के हाथ पर डस लिया था, परिजन ने किसी तरह सांप को कमरे से भगाया और तुरंत रानी को लेकर शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। रानी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान मौत

परिजन रात में ही रानी को लेकर अशोकनगर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां उसका इलाज भी शुरू हो गया लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर रानी को बचा नहीं पाए। शनिवार को इलाज के दौरान रानी की मौत हो गई। रानी की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। रानी की मौत की सूचना अस्पताल से मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया, परिजन शव को लेकर अपने गांव शाढ़ौरा रवाना हो गए।

एमपी में लगातार आ रहा सांप काटने के मामले

केस-1: मानसून का मौसम आते ही मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार सांप के काटने की खबरें आ रही है। बीते दिनों राजगढ़ जिले के समीपस्थ गांव मांडाखेड़ा में घर के आंगन में खेल रहे एक पांच साल के मासूम को सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन उसे बजाए अस्पताल ले जाने के तीन घंटे तक झाड़फूंक करते रहे। जब तक उसे अस्पताल ले जाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

केस-2: राजगढ़ जिले के ब्यावरा तहसील के गांगाहोनी गांव में रात के समय सांप के काटने से 40 वर्षीय निजी स्कूल संचालक की मौत हो गई। समय पर उपचार नहीं मिलने और झाड़फूंक में समय गंवाने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। जहरीला सांप स्कूल संचालक के घर के किचन में काल बनकर बैठा था और रात 12 बजे जब दूध का बर्तन रखने के लिए स्कूल संचालक किचिन में पहुंचे तो सांप ने उन्हें काट लिया।

केस-3: गुना में खेत पर मजदूरी कर रहे एक युवक की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। इलाज के लिए गुना जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। मृतक की पहचान राजू आदिवासी निवासी गोकलसिंह का चक्क, मोतीपुरा प्लांट के रूप में हुई है। भाई भानू आदिवासी ने बताया कि राजू ढीमरपुरा क्षेत्र में हरवाई और खेतिहर मजदूरी करता था। शाम करीब 4 बजे वह कालूराम के खेत पर चारा काट रहा था। तभी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद खेत मालिक और आसपास के लोग उसे तत्काल गुना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों को रात करीब 8 बजे घटना की सूचना मिली। तब तक डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया था, लेकिन जहर फैलने से रात में ही राजू ने दम तोड़ दिया।

Updated on:
11 Jul 2026 06:56 pm
Published on:
11 Jul 2026 06:56 pm