एशिया

इंडोनेशिया में यात्री जहाज में आग लगने से 10 लोगों की मौत, 126 को बचाया गया

एक यात्री जहाज में आग लगने से उसमें सवार 10 की मौत हो गई है जबकि 126 लोगों को बचा लिया है।
2 min read
Feature image

जकार्ता। इंडोनेशिया के सेंट्रल सुलावेसी प्रांत में एक यात्री जहाज में आग लग गई और वह डूब गया, जिसके बाद बचावकर्मियों ने अबतक 10 शव बरामद कर लिए हैं और 126 लोगों को बचा लिया है। एक सरकारी अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता बामबैंग इरवन ने कहा कि सुलावेसी प्रांत के बाउबाउ नगर से बंगई बंदरगाह के लिए चला केएम फुंग्का परमाता शुक्रवार को मध्य इंडोनेशिया में सागू द्वीप से लगे समुद्र में डूब गया। उन्होंने कहा, "जहाज में आग लग गई और अंत में वह सागू द्वीप से लगे समुद्र में डूब गया।" जिंदा बचे लोगों को शनिवार सुबह बंगाई बंदरगाह लाया गया।

इंडोनेशिया में परिवहन का लोकप्रिय साधन है जहाज
परिवहन मंत्रालय के समुद्री यातायात के महानिदेशक आर. अगस एच. पर्नोमो ने कहा, "लापता लोगों की तलाश में खोजी और बचाव अभियान जारी था। दुर्घटनास्थल वाले इलाके में सघनता से खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि इंडोनेशिया में जहाज परिवहन का लोकप्रिय साधन है। इंडोनेशिया में लगभग 17,500 द्वीप हैं।

साल 2011में भी जहाज में लगी थी आग
इससे पहले साल 2011में भी इसी तरह एक जहाज में आग लग गई थी। जावा प्रांत की राजधानी सुराबाया में आग लगने से जहाज में सवार आठ लोगों की मौत हो गई थी जबकि 40 से ज्यादा घायल हुए थे। तलाश एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख सुत्रिस्नो ने बताया था कि जहाज किराना सेम्बिलान में आग उसमें लदे एक ट्रक की वजह से लगी थी। बता दें कि इंडोनेशिया में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अभी तक कोई कड़ा कदम नहीं उठाया गया है।

Published on:
15 Sept 2018 08:40 pm