अयोध्या

रामायण मेला के पोस्टर का सीएम योगी ने किया अनावरण, राम विवाह के अवसर पर रामायण मेला का आयोजन

CM Yogi ने अयोध्या के कारसेवकपुरम में दिवाली के अवसर पर रामायण मेले के पोस्टर का अनावरण किया। पोस्टर प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के विवाह के प्रसंग को दर्शा रहा है। 

2 min read
Oct 31, 2024
Poster released by CM Yogi

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर गुरुवार को कारसेवक पुरम में आगामी 5 से 8 दिसंबर तक प्रस्तावित 43वें रामायण मेला का सांकेतिक शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने मेले के प्रथम पोस्टर का विमोचन किया। इस बार का पोस्टर प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के विवाह के प्रसंग को दर्शाता है।

राम विवाह के अवसर पर होता है आयोजन

राम विवाह के शुभ अवसर पर रामायण मेला का आयोजन अयोध्या में होता रहा है। पिछले कई वर्षों से सीएम योगी के हाथों ही प्रथम पोस्टर का अनावरण होता रहा है। इस वर्ष पोस्टर में जयमाल का दृश्य उकेरा गया है। समिति के संतों ने मुख्यमंत्री को 5 दिसंबर को रामायण मेला का उद्घाटन करने के लिए भी आमंत्रित किया।

CM Yogi पहुंचे अयोध्या

सीएम योगी कारसेवक पुरम के बगल में स्थित रामायणम् आश्रम जानकी घाट, परिक्रमा मार्ग पर युग तुलसी परमपूज्य महाराज श्रीरामकिंकर जी की शतजयंती महोत्सव में भी शामिल हुए। कारसेवक पुरम परिसर में स्थित गौशाला में मुख्यमंत्री ने गौ माता का पूजन कर गाय को केला भी खिलाया।

समिति के पदाधिकारियों ने क्या कहा

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रामायण मेला मुख्यमंत्री के संरक्षण में नया स्वरूप ले रहा है। आने वाले समय में रामायण मेला और वृहद एवं विस्तृत किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर रामायण मेला समिति के महंत राघवाचार्य, जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य, रसिक पीठाधीश्वर महंत जन्मेजय शरण, स्वामी अवधेश कुमार दास, समिति के कार्यकारी महामंत्री कमलेश सिंह, सूर्य नारायण सिंह, स्वामी वासुदेवाचार्य, महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य, शरद कुमार त्रिपाठी, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, डॉ. जनार्दन उपाध्याय, सरस चंद्र कपूर, श्रीनिवास पोद्दार, सरदार सुरेंद्र सिंह एवं संयोजक आशीष कुमार मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Also Read
View All

अगली खबर