नगर कीर्तन से गूंज उठा बालाघाट शहर
सिख धर्म के दसवें गुरु, साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का 359वां प्रकाशोत्सव 5 जनवरी को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ गुरुद्वारा साहिब में मनाया जाएगा। पर्व को लेकर श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी धार्मिक कार्यक्रम करवा रही है। शुरुआत 2 जनवरी को भव्य नगर कीर्तन के साथ हुई। श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हीरा सिंह भाटिया ने बताया कि प्रकाशोत्सव की पूर्व संध्या पर 2 जनवरी को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर कीर्तन में गोंदिया से आए जत्थे द्वारा हम चाकर गोबिंद के शबद का भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत किया गया। वहीं अमृतसर से आए वीरों द्वारा गतका एवं तवप्रसाद शस्त्र विद्या अखाड़ा का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर कीर्तन की संपूर्णता के उपरांत सायंकाल 7 बजे गुरु का अटूट लंगर स्व सुचेत सिंह राजपूत एवं स्व प्रीतम सिंह भंगल कनाडा वाले परिवार की ओर से अर्पित किया गया।
कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 3 जनवरी को आज सुबह 8 बजे अखंड पाठ साहिब की आरंभता सेवा सरदार रविंदर सिंह भाटिया परिवार द्वारा की जाएगी। इसी दिन दोपहर 2 से 5 बजे तक बच्चों द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के जीवन, त्याग और वीरता पर आधारित विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 4 जनवरी को सायंकाल 7 से 8 बजे तक साध संगत द्वारा शबद कीर्तन होगा, जबकि रात्रि 8 से 9 बजे तक बालाघाट के हुजूरी जत्था भाई मनप्रीत सिंह जी द्वारा शबद कीर्तन किया जाएगा। रात्रि 9.30 से 10 बजे तक संगत के लिए लंगर की सेवा संपन्न होगी। मुख्य प्रकाशोत्सव दिवस 5 जनवरी को सुबह 8.30 बजे अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा। इसके बाद प्रात: 10 से 11 बजे तक साध संगत द्वारा शबद कीर्तन, 11 से दोपहर 12.30 बजे तक इंदौर से पधारे भाई अमृतपाल सिंह जी द्वारा विशेष शबद कीर्तन किया जाएगा। दोपहर 1 से 1.30 बजे तक गुरु का लंगर अर्पित किया जाएगा।