
Banswara News: राजस्थान के बांसवाड़ा शहर के एक युवक ने उसके साथ प्रेम विवाह रचाकर जेवरात लेकर रफूचक्कर होने वाली महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई है । पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है ।
कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम विश्नोई ने बताया कि शहर के ऋषिकुंज कॉलोनी, रतलाम रोड निवासी दशरथ माली पुत्र मोहनलाल माली ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसने विवाह कराने के लिए जावरा निवासी अनिकेत और उसकी पत्नी पूजा को 2 लाख रुपए दिए । साथ ही उनके आने-जाने के 15 हजार रुपए भी दिए ।
एक मार्च को उसकी शादी उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के गांव में परिवारजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में मंदिर में हुई । विवाह के बाद दोनों लगभग 13 दिन तक साथ रहे। इसके बाद रिंकी ने जयपुर में अपनी बहन राधिका सैनी से मिलने की इच्छा जताई ।
परिवार की सहमति से युवक उसे जयपुर लेकर गया और होटल में ठहरे । यहां से वे तैयार होकर बहन के घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे ।
इस दौरान युवक टिकट लेने गया तो उसकी पत्नी अचानक गायब हो गई । युवक ने पत्नी की ओर से बताए गए कथित जीजा बाबूलाल सैनी को संपर्क किया तो उन्होंने किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार कर दिया ।
युवक ने रेलवे स्टेशन सहित आसपास पत्नी की तलाश की, लेकिन नहीं मिली । युवक ने बताया कि पत्नी के पास उसके दिए हुए 6,000 रुपए, विवाह में पहनाया गया मंगलसूत्र, चांदी के पायजेब और मोबाइल था, जिसे लेकर वह चली गई ।
आसपास पूछताछ करने पर भी महिला का कोई सुराग नहीं मिला । युवक ने विवाह के नाम पर धोखा देकर जेवरात व नकदी लेकर पत्नी के भागने की रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
साथ ही शादी करवाने के नाम पैसा लेने वाले बिचौलिए जावरा निवासी अनिकेत और उसकी पत्नी पूजा के खिलाफ के खिलाफ भी मामला दर्ज करवाया है ।