बांसवाड़ा

बांसवाड़ा पंचायत चुनाव 2026: नेता पुत्रों और बागियों से उलझा सियासी गणित, इन हॉट सीटों पर सबकी नजर

बांसवाड़ा जिला परिषद चुनाव 2026 में दिग्गज नेताओं, उनके पुत्रों और बागियों के मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। वार्ड 4, 6, 11, 24, 27, 28, 31 और 32 जैसी हॉट सीटों पर त्रिकोणीय व चतुष्कोणीय मुकाबले बन रहे हैं। बागियों की एंट्री ने राजनीतिक दलों का समीकरण बिगाड़ दिया है, जिससे नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
2 min read
banswara panchayat polls
बांसवाड़ा पंचायत चुनाव 2026 (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Banswara Panchayat Chunav 2026: बांसवाड़ा जिला परिषद की कुछ सीटों पर इस बार भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। कुछ वार्डों में भाजपा-कांग्रेस सहित भारत आदिवासी पार्टी के मैदान में आने से मुकाबला त्रिकोणीय है। कुछ सीटों पर पार्टी से टिकट नहीं मिलने से नाराज निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मोर्चा खोल दिया है, जिससे स्थिति रोचक बन गई है।

वार्ड 4: यहां कांग्रेस से दीप्ति, भाजपा से भूपेंद्र सिंह और भारत आदिवासी पार्टी से विनोद मैदान में हैं। कांग्रेस से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे विनोद पाठक ने मुकाबले को चतुष्कोणीय बना दिया है। विनोद कांग्रेस के सरेड़ी ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने सेवादल से मंगलवार को इस्तीफा भी दे दिया। उन्होंने जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड 4 से कांग्रेस का टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने से बागी हो गए।

वार्ड 6: यह जिला परिषद की हॉट सीट है। बीएपी के मैदान में होने से मुकाबला त्रिकोणीय बना हुआ है। भाजपा की प्रियंका कुंवर, बीएपी से रीना सावड़ा और कांग्रेस से संगीता मैदान में हैं। संगीता पूर्व उप जिला प्रमुख रह चुकी हैं। कांग्रेस की इस दिग्गज प्रत्याशी की प्रतिष्ठा दांव पर है।

वार्ड 11: तीनों प्रमुख दलों के अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी कांतिलाल और गोविंदलाल खाट भी ताल ठोक रहे हैं। भाजपा से खेमराज गरासिया मैदान में हैं, जो पूर्व में दो बार कांग्रेस के दिग्गज महेंद्रजीत सिंह मालवीया के सामने चुनाव लड़ चुके हैं। गरासिया की पत्नी दो बार आनंदपुरी की प्रधान रह चुकी हैं। गरासिया पहले कांग्रेस में थे, लेकिन अब भाजपा में हैं। कांग्रेस से दौलतराम और बीएपी से दिलीप कटारा मैदान में हैं।

वार्ड 24: यहां चार प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस ने जमनालाल, भाजपा ने विकास और बीएपी ने विनोद को चुनाव में उतारा है। वहीं, कांग्रेस से बागी हुए धीरजमल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोक रहे हैं।

वार्ड 27: निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में उतरने से यहां चतुष्कोणीय मुकाबला है। कांग्रेस से अनिल, बीएपी से महिपाल डामोर, भाजपा से सरदार सिंह और कांग्रेस के बागी सोहनलाल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं।

वार्ड 28: कुशलगढ़ विधायक रमिला खड़िया के पुत्र रोहित खड़िया पहली बार चुनाव मैदान में हैं। सभी की निगाहें इस सीट पर हैं। यहां बीएपी से देवचंद मईड़ा और भाजपा से वजहिंग मईड़ा उन्हें टक्कर दे रहे हैं।

वार्ड 31: कांग्रेस ने वीरपुर के पूर्व सरपंच सुभाष निनामा को मैदान में उतारा है। उनके सामने भाजपा से मानशंकर और बीएपी से सोहनलाल डोडियार ताल ठोक रहे हैं।

वार्ड 32: निर्वर्तमान उप जिला प्रमुख और विधायक-पुत्र विकास बामणिया के चुनाव मैदान में उतरने से यह हॉट सीट बनी हुई है। भाजपा ने बांसवाड़ा पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान बलवीर रावत को मैदान में उतारा है। कांग्रेस और भाजपा के दोनों प्रत्याशी अपनी-अपनी पार्टियों से जिला प्रमुख पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। यहां बलवीर नाम के एक निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं।