बांसवाड़ा

बेणेश्वर धाम फिर पानी से घिरा, फंसे श्रद्धालु

Rajasthan

तीनों पुलों पर 4 से 7 फीट पानी

डूंगरपुर (साबला )
मानसून की पहली तेज बारिश के बाद गुरुवार सुबह वागड़ प्रयागराज बेणेश्वरधाम चारों ओर से पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया। सुबह करीब 7 बजे सोम, माही और जाखम नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ने से धाम का संपर्क तीनों तटों से पूरी तरह कट गया और आवाजाही बंद हो गई। धाम को जोड़ने वाले बेणेश्वर पुल पर करीब 4 फीट, बेणेश्वर–वालाई पुल पर लगभग 7 फीट तथा बेणेश्वर–गनोड़ा पुल पर करीब 5 फीट पानी की चादर चली। धाम के टापू में तब्दील होने से मंदिर के पुजारी, दुकानदार, व्यापारी, श्रद्धालु सहित करीब 60 से 70 लोग फंसे हुए हैं। उधर, संपर्क मार्ग बंद होने के कारण श्रद्धालु मंदिर परिसर के बाहर ही पूजा-अर्चना कर रहे हैं। वहीं, उफनती त्रिवेणी के दर्शन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग नदी किनारों पर पहुंच रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस प्रशासन ने बेणेश्वरधाम जाने वाले सभी मार्गों पर बेरिकेडिंग कर दी है तथा धाम के टापू में तब्दील होने संबंधी चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए हैं।

अधूरा पड़ा पुल, चार साल बाद भी नहीं बना
हर वर्ष में बरसात में धाम के टापू में तब्दील होने से प्रभावित हो रही आवाजाही के स्थायी समाधान को लेकर 2021 में 132.35 करोड़ के हाई लेवल ब्रिज की वित्तीय स्वीकृति जारी हुई थी। 16 मई 2022 को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसकी नींव रखी थी। पुल को मार्च 2024 में पूर्ण करना था, लेकिन तय अवधि बीते सवा दो साल से अधिक का समय बीतने के बावजूद काम अधूरा है। इन दिनों पुल का कार्य चल रहा हैं, ऐसे में अब भी एक साल ओर लगने की संभावना हैं। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रमेश पाटीदार का कहना है कि कार्य प्रगति पर है। 80 फीसदी काम हो चुका हैं, अगले मानसून तक काम पूरा हो जाएगा।

पानी उतरने का इंतजार



लखन साखरखाइया ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। पुल 4 साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं बना है, जिससे परेशानी है। शिवालय ट्रस्ट के अध्यक्ष बलवंत सिंह वालाई ने बताया कि धाम पर बनने वाले पुल का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। जिससे बरसात में श्रद्धालुओं, दुकानदारों सहित अन्य की परेशानी बढ़ जाती है। गुरुवार को धाम टापू में तब्दील होने के बाद दिनभर पानी उतरने का इंतजार लोग करते रहे।

Updated on:
24 Jul 2026 06:00 am
Published on:
24 Jul 2026 06:00 am