
बांसवाड़ा। जिले में घरेलू विवाद के चलते एक दामाद ने अपनी सास की कथित तौर पर हत्या कर दी। पत्नी के बार-बार पीहर आने से नाराज आरोपी शनिवार सुबह अपनी ससुराल पहुंचा और घर के बाहर बैठी सास के सिर पर नल फिटिंग में इस्तेमाल होने वाले लोहे के पाने से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई। मृतका की पहचान ललिता देवी डाबी (60) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वह घर पर अकेली थीं। उनकी बेटी काम के सिलसिले में बाहर गई हुई थी। हमले के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था।
स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी दामाद की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ललिता देवी के पति देवीलाल डाबी और बेटे की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह कॉलोनी में बर्तन धोने का काम कर अपना गुजारा करती थीं। उनकी बेटी दीपिका की करीब दस साल पहले लोधा निवासी संजय डिंडोर से शादी हुई थी। संजय नल फिटिंग का काम करता है। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
परिजनों का आरोप है कि संजय अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। घरेलू विवाद से परेशान होकर दीपिका पिछले करीब तीन महीने से अपनी मां के घर रह रही थी। कुछ दिन पहले संजय ने कथित तौर पर पत्नी को वापस नहीं आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके बाद दीपिका ससुराल गई, लेकिन वहां दोबारा विवाद और मारपीट होने के बाद वह अपनी मां के पास लौट आई।
शनिवार को आरोपी एक बाइक से अपनी ससुराल पहुंचा। आरोप है कि उसने घर के बाहर मौजूद ललिता देवी पर लोहे के पाने से अचानक हमला कर दिया। वार इतने गंभीर थे कि महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर खून से सना हुआ पाना और एक चाबी भी मिली है। पुलिस अब आरोपी की तलाश के साथ घटना के पीछे की परिस्थितियों और विवाद के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।