15 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News : अलवर में तेल फैक्ट्री में भीषण आग, दमकलों वाहनों ने पाया काबू, करोड़ों का नुकसान

Alwar News : अलवर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित तेल पैकिंग फैक्ट्री में शनिवार सुबह यकायक भीषण आग लग गई। जिसके बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग से फैक्ट्री का करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
3 min read
Google source verification
alwar oil factory massive fire now under control loss worth crores

Alwar News : अलवर में एमआईए स्थित सॉल्वेक्स फैक्ट्री में भीषण आग बुझाते दमकलकर्मी। फोटो पत्रिका

Alwar News : अलवर के औद्योगिक क्षेत्र (एमआईए) में स्थित तेल पैकिंग फैक्ट्री में शनिवार सुबह यकायक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई देने लगा। इस आग से हड़कंप मच गया। 15 अगस्त की वजह से फैक्ट्री में आज छुट्‌टी थी। फैक्ट्री में मौजूद गार्ड ने ही आग लगने की सूचना मालिक पवन चौधरी को दी। इसके बाद आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। आग को देखकर आस-पास स्थित फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि 5 जिलों से आई 25 दमकलों ने 150 चक्कर लगाकर करीब 8 घंटे में आग पर काबू पा लिया है। दमकल विभाग की गाड़ियां ने भारी मशक्कत के बाद दोपहर 2 बजे तक आग को बुझाया दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अलवर के मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र (एमआईए) में शनिवार सुबह सरसों तेल पैकिंग करने वाली अलवर साल्वेक्स फैक्ट्री में सुबह करीब छह बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हालात इतने गंभीर हो गए कि सुबह 9 बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। फैक्ट्री से लगातार धुएं का गुबार उठ रहा है और दमकल के दल आग बुझाने में जुटे थे।

आग की विकरालता को देखते हुए प्रशासन और दमकल विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा दिया गया था। वहां काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया और आसपास की औद्योगिक इकाइयों का काम भी बंद करा दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि फैक्ट्री के आस-पास अवरोधक लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया था। किसी भी व्यक्ति को आग की दिशा में जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में आवाजाही रोक दी गई थी।

सरसों का तेल सड़क पर बहा दिया गया...

फैक्ट्री में आग फैलने के बाद सरसों के तेल से भरे टैंकों में ब्लास्ट की आशंका को देखते हुए सात टैंकों को खाली कराया गया। इनमें भरा सरसों का तेल सड़क पर बहा दिया गया, ताकि आग की चपेट में आने से टैंकों में विस्फोट न हो। आग के कारण फैक्ट्री की बिल्डिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाद में ढह गई। फैक्ट्री में बनी लैब भी पूरी तरह जल गई।

आग की सूचना सुबह करीब छह बजे मिली - दमकल अधिकारी

दमकल अधिकारी अमित मीणा ने बताया कि आग की सूचना सुबह करीब छह बजे मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की भयावहता को देखते हुए लगातार दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार करके आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। तेल और पैकिंग सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका के चलते विशेष सतर्कता बरती जा रही थी।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना - फैक्ट्री मालिक

फैक्ट्री मालिक पवन चौधरी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एमआईए में केवल 2 दमकल गाड़ियां उपलब्ध हैं जो औद्योगिक क्षेत्र में आग की स्थिति में बड़ी समस्या है। फैक्ट्री में लगी आग से फिलहाल करीब 25 से 30 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फैक्ट्री में करीब सात लाख लीटर सरसों का तेल भी नष्ट होने की बात सामने आई है। आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, पूर्व मेयर घनश्याम गुर्जर, अजय अग्रवाल एडीएम सिटी अंबालाल मीणा, पुलिस अधिकारी, एमआईए अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अजय आनंद गोयल सहित कई उद्योगपति रीको के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग के दौरान फैक्ट्री परिसर और आसपास पुलिस का जाप्ता तैनात रहा।