बांसवाड़ा

Rajasthan: RAS में 11 अंकों से चूके चिराग ने मुंह से कलम पकड़कर दी लिपिक परीक्षा, प्रतियोगी छात्रों के लिए बने प्रेरणा

Rajasthan Clerk Exam: दोनों हाथ गंवाने के बाद भी चिराग जैन का हौसला नहीं टूटा। मुंह से कलम पकड़कर उन्होंने बांसवाड़ा में लिपिक भर्ती परीक्षा दी। RAS मुख्य परीक्षा में महज 11 अंकों से चूक चूके चिराग आज हजारों प्रतियोगी छात्रों के लिए संघर्ष, आत्मविश्वास और कभी हार न मानने की मिसाल बन गए हैं।
3 min read
Rajasthan LDC Exam chirag
लिपिक परीक्षा देने पहुंचा दिव्यांग अभ्यर्थी चिराग (फोटो-पत्रिका) 

बांसवाड़ा। जिले में लिपिक ग्रेड-द्वितीय/ कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को शहर के 19 केंद्रों पर दो पारियों में हुई। इस दौरान पहली पारी में 803 अनुपस्थित रहे तो दूसरी पारी में अनुपस्थिति का आंकड़ा 824 रहा। यानि पहली पारी में बैठने वाले 21 और अभ्यर्थी दूसरी पारी में पेपर छोड़ कर चले गए। लेकिन इस परीक्षा में दो ऐसे भी अभ्यर्थी पहुंचे, जो दिव्यांग होने के बावजूद अपने हौसले से दूसरों को प्रेरणा देते नजर आए।

करंट लगने से दोनों हाथ झुलस गए

कलिंजरा निवासी चिराग जैन ने दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद मुंह से पेन पकड़कर दोनों पारियों में परीक्षा दी। चिराग ने बताया कि वे बचपन से दिव्यांग नहीं थे, लेकिन साल 2006 में 11 हजार केवी का करंट लगने से हुए हादसे में इनके दोनों हाथ झुलस गए। दोनों हाथ गंवाने के बाद चिराग ने मुंह से लिखने का अभ्यास किया और इसे अपनी आदत बना लिया। चिराग ने बताया कि वे पिछले तीन साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और परीक्षा दे रहे हैं।

दूसरे दिव्यांग अभ्यर्थी कैलाश दामा कुशलगढ़ से परीक्षा देने आए। एक पैर से विकलांग होने के बावजूद लाइन में लगकर परीक्षा केंद्र गए और परीक्षा दी।

बांसवाड़ा. परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की जल्दी में दिव्यांग कैलाश को उठाकर ले जाते पिता। 

थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती में हो चुका है चयन

चिराग ने बताया कि मुंह से कलम पकड़कर वे कई प्रतियोगी परीक्षाएं दे चुके हैं। चिराग ने बताया कि वे राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं समेत फर्स्ट ग्रेड और सेकंड ग्रेड परीक्षा भी दे चुके हैं। RAS मुख्य परीक्षा में वह मात्र 11 अंकों से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। चिराग का थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती में चयन हो चुका है, वे अब लिपिक ग्रेड-सेकंड की परीक्षा देकर जीवन को नई दिशा देना चाहते हैं।

दूसरी पारी में 87.46 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

एडीएम पर्वत सिंह चुण्डावत ने बताया कि परीक्षा दो पारी में हुई। जिले के कुल 19 परीक्षा केन्द्रों पर 4411 महिला, 2038 पुरुष एवं 127 दिव्यांग अभ्यर्थी सहित कुल 6576 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होने थे। इनमें प्रथम पारी में 5773 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी एवं 803 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। पहली पारी में 87.78 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दूसरी पारी में 5752 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे एवं 824 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इनमें से 21 अभ्यर्थी ऐसे थे, जो सिर्फ पहली परीक्षा देकर दूसरी पारी की परीक्षा छोड़कर चले गए। दूसरी पारी में 87.46 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

बांसवाड़ा. परीक्षा देने के बाद केंद्र से बाहर आते अभ्यर्थी। 

परीक्षा में घंटे भर पहले मिला प्रवेश

कड़े नियमों के चलते अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने के एक घण्टा पहले केंद्रों पर प्रवेश मिला। पहली पारी सुबह 9:30 बजे से थी। इस दौरान कई स्थानीय अभ्यर्थी अंतिम समय तक दौड़ते हुए परीक्षा देने पहुंचे। हालांकि दूसरी पारी अपराह्न 3 बजे से होने के कारण ज्यादा दिक्कतें नजर नहीं आई। परीक्षा के दौरान पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। नोडल अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक शहर मनीष चारण परीक्षा केंद्रों का दौरा करते नजर आए।

Updated on:
05 Jul 2026 09:36 pm
Published on:
05 Jul 2026 09:36 pm