
Mahila Suraksha Sankalp Abhiyan: राजस्थान के बारां जिले में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत पुलिस ने आधी रात को सादा वर्दी में सड़कों पर उतरकर मनचलों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने वाले दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को दबोचकर थाने भिजवाया।
अभियान के तहत एएसआई चेतना स्वामी के नेतृत्व में दो दर्जन महिला कांस्टेबलों की टीम गठित की। ये टीमें शहर में गश्त कर मनचलों पर नजर रख रही हैं। सोमवार रात दो महिला पुलिसकर्मी सादा वर्दी में स्टेशन रोड क्षेत्र में पैदल घूम रही थीं। इस दौरान उन्होंने सामान्य लोगों की तरह एक दुकान पर गन्ने का जूस भी पिया ताकि किसी को शक न हो।
इसी दौरान दो बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और महिला पुलिसकर्मियों को सामान्य युवतियां समझकर उनके पीछे लग गए। दोनों युवकों ने रास्ते में अश्लील बातें करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। पुलिसकर्मी उन्हें जनता टॉकीज क्षेत्र तक ले गईं जहां सुनसान और अंधेरी गलियां थीं।
जैसे ही युवकों ने रास्ता रोकने की कोशिश की महिला कांस्टेबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक की चाबियां निकाल लीं। इसके बाद जूडो-कराटे में प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया और मौके पर ही काबू में कर लिया। आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उन्हें डॉक्टर गिरधर गोपाल जी की गली में दबोच लिया। इस वीडियो में 3 महिला पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर ले जाती हुई भी नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर आते ही वीडियो यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है। कुछ यूजर्स तो ऐसी और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एएसआई चेतना स्वामी ने बताया कि यह अभियान पुलिस निदेशालय और एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देशन में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मनचलों पर सख्त कार्रवाई करना है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही 2 फरार युवकों की भी पुलिस तलाश कर रही है।