बारां

Rajasthan: कांग्रेस नेता पर दिनदहाड़े गोलीबारी से इलाके में सनसनी, बाइक से आए नकाबपोश बदमाश

राजस्थान के बारां जिले में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पर तीन नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत रही कि मिस फायर हो गया, जिससे उनकी जान बच गई।
less than 1 minute read
Feb 06, 2026
Baran
लाल घेरे में संदिग्ध बदमाश (फोटो-पत्रिका)

बारां। यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा पर शुक्रवार सुबह नकाबपोश तीन बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मिस फायर होने के कारण वे बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना कोटा रोड स्थित आरओबी के समीप उस समय हुई, जब शरद अपने घर से श्रीजी मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए थे। शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पीछे से आए तीन नकाबपोश युवकों में से एक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग का प्रयास किया। जान बचाने के लिए उन्होंने अपने स्कूटर को हमलावरों की बाइक से भिड़ा दिया, इससे बदमाश असंतुलित हो गए। इसके बाद दूसरे युवक ने भी फायरिंग का प्रयास किया, लेकिन हथियार अटक जाने से वह असफल रहा। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध बदमाश

अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शरद शर्मा कोतवाली थाने पहुंचे और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बदमाश जाते दिखे हैं।

पुलिस ने शुरू की तलाश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नकाबपोश हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Published on:
06 Feb 2026 08:50 pm