6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान: 2 बाइकों की भिड़ंत में 3 की मौत, पति के निधन से सदमे में आई पत्नी ने दी जान, एक ही चिता पर अंतिम संस्कार

उदयपुर में कुराबड़-अडिंदा मार्ग पर कालीवली के पास गुरुवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले बांसा (गींगला) निवासी चेतन की मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी प्रेमी (20) ने भी फंदा लगाकर जान दे दी।

2 min read
Google source verification

फोटो पत्रिका नेटवर्क

कुराबड़/गींगला (उदयपुर)। कुराबड़-अडिंदा मार्ग पर कालीवली के पास गुरुवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले बांसा (गींगला) निवासी चेतन की मौत की खबर सुनकर उसकी पत्नी प्रेमी (20) ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार शाम पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

आमने-सामने की भिड़ंत में गई थी तीन जान

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे कालीवली निवासी हेमराज (17) और हुक्मीचंद (22) एक बाइक पर जा रहे थे, तभी अडिंदा मार्ग पर सामने से आ रहे चेतन (22) की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवकों ने उदयपुर के एमबी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चेतन उस वक्त अपने ससुराल कालीवली ही जा रहा था।

पति का पोस्टमार्टम हो रहा था, पत्नी ने किया सुसाइड

शुक्रवार दोपहर जब उदयपुर में चेतन के शव का पोस्टमार्टम चल रहा था, तब बांसा स्थित उसके घर पर ग्रामीण और परिजन शोक जताने के लिए एकत्र थे। गमगीन माहौल के बीच चेतन की पत्नी प्रेमी देवी अचानक पानी पीने का बहाना बनाकर कमरे में गई और अंदर से कुंडी लगा ली। काफी देर तक बाहर न आने पर जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए। प्रेमी पंखे के फंदे से लटकी हुई थी। सूचना पर गींगला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाया।

गमगीन माहौल में निकली अंतिम यात्रा

पति की दुर्घटना में मौत और फिर पत्नी द्वारा सुसाइड का कदम उठाने की खबर क्षेत्र में सनसनी की तरह फैल गई। शुक्रवार शाम को जब चेतन का शव गांव पहुंचा, तो वहां पत्नी का शव भी तैयार था। नम आंखों के साथ दोनों की एक साथ शव यात्रा निकाली गई। श्मशान घाट पर एक ही चिता पर पति-पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि 14 माह पूर्व ही दोनों की शादी हुई थी।